ई-दिशा केन्द्र में रजिस्ट्री के लिए आए लोग।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। राजस्व विभाग से जुड़े तहसीलदार व नायब तहसीलदार मंगलवार को भी सामूहिक अवकाश पर रहे। इस दौरान लगातार दूसरे दिन भी तहसील कार्यालय से जुड़े सभी काम बाधित रहे और तहसील कार्यालय में अपने कार्य करवाने आए लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। यही नहीं डीड राइटर व रजिस्ट्री लिखवाने वकील भी मंगलवार को खाली रहे।
जिले के तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों के अपनी मांगों को लेकर सामूहिक अवकाश पर जाने के चलते तहसील कार्यालय में तहसील से जुड़े काम मंगलवार को भी ठप रहे। दि रेवन्यू ऑफिसर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तहसीलदार रणविजय सिंह ने बताया कि प्रदेश में हुई रजिस्ट्रियों व अन्य कामों के लिए तहसील कार्यालयों के अधिकारियों को निशाना बनाया जा रहा है। तहसील कार्यालय के अधिकारी अपना काम ईमानदारी से करते हैं, लेकिन फिर भी हाल ही में कई राजस्व अधिकारियों के खिलाफ बिना वजह एफआईआर दर्ज की गई है। रजिस्ट्रियों से संबंधित सॉफ्टवेयर ठीक से काम नहीं करते और ठीकरा अधिकारियों पर फोड़ दिया जाता है। यह यही नहीं राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को अन्य विभागों के काम भी दिए जा रहे हैं, जिससे वह तहसील कार्यालय के कामों की ओर ध्यान नहीं दे पाते हैं।
मंगलवार को भी परेशान हुए लोग
तहसीलदार व नायब तहसीलदारों के सामूहिक अवकाश पर रहने के कारण ई-दिशा केंद्र में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रजिस्ट्री बनवाने आए लोग तो काफी परेशान रहे। मंगलवार को तहसील से जुड़े रेजिडेंशियल प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, रजिस्ट्रियां, इंतकाल व ट्रस्ट से संबंधित काम बाधित रहे। वहीं रजिस्ट्रियों के लिए डीड राइटर व रजिस्ट्री लिखवाने वकील भी दो दिन से खाली बैठे रहे। लोग अपने कामों के लिए ई-दिशा केन्द्र में तो आए, लेकिन अधिकारियों के अवकाश पर रहने के कारण उनको मायूस होकर वापिस लौटना पड़ा। लोग जहां कभी तहसील कार्यालय के चक्कर लगाते देखे गए तो कभी ई-दिशा केंद्र के। गांव धारनिया से आए रामसिंह ने बताया कि उसने बैंक से लोन के लिए अप्लाई किया हुआ है। इसके लिए जमीन की रजिस्ट्री करवानी थी, लेकिन अधिकारियों के न होने के कारण यह काम नहीं हो सका।