फतेहाबाद। टोहाना और जाखल से गुजरने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस में रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एक माह के लिए तीन कोच बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन श्रीगंगानगर से जाखल व टोहाना होते हुए दिल्ली तक जाती है। तीन कोच बढ़ने से यात्रियों को ट्रेन में खड़े होकर सफर नहीं करना पड़ेगा।
इंटरसिटी एक्सप्रेस में दो द्वितीय श्रेणी व एक द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान कोच की सुविधा होगी। टोहाना व जाखल के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। हर फेरे में 300 यात्रियों को फायदा होगा। इस ट्रेन में कोच कम होने को लेकर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इन दिनों लोग लंबी यात्राओं व दिल्ली से धार्मिक स्थलों के लिए जाते हैं। खासतौर पर अमरनाथ यात्रा भी आरंभ होने वाली है तो इसके लिए यात्री संघ लगातार कोच बढ़ाने की मांग कर रहे थे। यात्रियों की मांग को देखते हुए ही रेलवे ने इंटरसिटी एक्सप्रेस के कोच बढ़ाने का निर्णय लिया है।
300 यात्रियों को मिलेगा लाभ
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 12481 इंटरसिटी एक्सप्रेस पुरानी दिल्ली से दोपहर बाद एक बजकर 15 मिनट पर चलती है, जो सकूरबस्ती, बहादुरगढ़, सांपला, रोहतक, जींद, नरवाना, टोहाना, जाखल, मानसा, बठिंडा, अबोहर होते हुए रात आठ बजकर 35 मिनट पर श्रीगंगानगर पहुंचती है। इसी तरह ट्रेन नंबर 12482 इंटरसिटी एक्सप्रेस श्रीगंगानगर से सुबह पांच बजकर 55 मिनट पर चलती है, जो अबोहर, बठिंडा, मानसा, टोहाना, जाखल, नरवाना, जींद, रोहतक, सांपला, बहादुरगढ़, होते हुए दोपहर बाद एक बजकर 35 मिनट पर पुरानी दिल्ली पहुंचती है। इस ट्रेन में रेलवे ने इसमें दो द्वितीय श्रेणी और एक द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के अतिरिक्त कोच लगाने के निर्देश दिए हैं। इससे हर चक्कर में 300 से ज्यादा यात्रियों को फायदा होगा।
कोट
रेलवे विभाग को यात्री बार-बार आग्रह कर रहे थे कि दिल्ली से श्रीगंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस के कोच की संख्या बढ़ाई जाए। रेलवे ने यात्रियों की मांग को देखते हुए तीन कोच बढ़ाए गए हैं। इससे सैकड़ों यात्रियों को फायदा होगा। हालांकि यह सुविधा फिलहाल एक माह के लिए दी गई है।
-अजय माइकल, प्रवक्ता, दिल्ली रेलवे