-भूना। गांव बुवान के पंचायत घर में डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा लगाने पर विवाद सुलझता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को ढाई एकड़ में पंचायती जगह में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर खेल स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव उपायुक्त महावीर कौशिक व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार को दिया है। डीसी और एसपी ने भूना-टोहाना रोड पर उपरोक्त जगह का निरीक्षण भी किया। प्रतिमा की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तीन लेयर बैरिकेडिंग करके सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। आरएएफ व सीआरपी और पुलिस की पांच कंपनियां बुवान की गली-गली में तैनात है।
ग्रामीणों ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर खेल स्टेडियम बनाए जाने पर हर वर्ग के युवाओं को खेलों से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सह संविधान निर्माता के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
ग्रामीण बलदेव बिश्नोई, निवर्तमान सरपंच हीरालाल, कामरेड अंग्रेज सिंह, धर्मपाल शर्मा, पवन बिश्नोई, संदीप नागल, राजन भाटिया, सोनू शर्मा, संदीप यादव, सुरेंद्र सिंह आदि ने शुक्रवार को डीसी व एसपी के साथ दूसरे दौर की वार्ता में विवाद निपटाने के लिए एक प्रस्ताव रखा। ग्रामीणों ने बताया कि इसमें विशेष समुदाय के बुजुर्गों से अनुमति ले ली है और युवाओं को भी मनाया जा रहा है। पंचायत घर में विवाह समारोह व रस्म पगड़ी के दौरान हर वर्ग के लोग कार्यक्रम करते हैं। इसलिए वहां पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा सुरक्षित नहीं है। टोहाना रोड पर मुख्य सड़क के साथ डॉ. भीमराव स्टेडियम बनने से हर वर्ग के लोगों को फायदा होगा क्योंकि मुख्य मार्ग पर स्टेडियम में उनकी प्रतिमा लगने से भावी पीढ़ी भी संविधान निर्माता की जीवनशैली से प्रेरित होगी। ग्रामीणों के सुझाव पर अधिकारियों ने मंथन करना शुरू कर दिया है।
पंचायत घर में तीन लेयर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ाई
पंचायत घर में विशेष समुदाय के लोगों द्वारा 15 अगस्त की रात को लगाई गई भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रतिमा की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तीन लेयर बैरिकेडिंग करके सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। डीएसपी अजायब सिंह को सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी दी गई है। आरएएफ व सीआरपी तथा पुलिस की पांच कंपनियां बुवान की गली-गली में तैनात है। गांव में बाहरी लोगों पर सिविल वर्दी में पुलिसकर्मी व गुप्तचर विभाग के कर्मी भी नजर बनाएं हुए हैं। बुवान में आने वाली गाड़ियों के नंबर व उनकी तस्वीरों को गुप्त कैमरों में कैद किया जा रहा है। संदिग्ध लोगों का पूरा रिकॉर्ड एकत्रित किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने दिया भरोसा-शांति बनाए रखेंगे
पंचायत घर में प्रतिमा लगाने के बाद बने तनाव से निपटने के लिए शुक्रवार की शाम 3 बजे उपायुक्त महावीर कौशिक व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पूरे अमले के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुवान पहुंचे। वहां पर दोनों पक्षों के लोगों से पुन: बातचीत करके मामला सुलझाने का प्रयास किया गया। मगर विशेष समुदाय के कुछ लोग बाहर होने के कारण उनका पक्ष बैठक में शामिल नहीं हुआ। जबकि दूसरे पक्ष से लोगों ने गांव में शांति व भाईचारा बनाए रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह किसी भी प्रकार का कोई झगड़ा या हंगामा नहीं करेंगे।
बातचीत से हल निकलेगा
बुवान में शांति एवं आपसी भाईचारा कायम करने के लिए प्रयास लगातार चल रहे हैं। बातचीत के माध्यम से ही दोनों पक्षों में उपजा विवाद जल्द ही समाप्त हो जाएगा।
-महावीर कौशिक, डीसी, फतेहाबाद
कानून हाथ में लिया तो होगी कार्रवाई
कानून व्यवस्था किसी भी सूरत में नहीं बिगड़ने दी जाएगी। डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की सुरक्षा बढ़ाई हुई है और दोनों पक्षों से शांति बहाली के लिए बातचीत चल रही है। किसी ने कानून हाथ में लिया तो सख्त कार्रवाई होगी।
-राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।
प्रतिमा की सुरक्षा को लेकर की गई बेरिकेडिंग। संवाद- फोटो : Fatehabad