फतेहाबाद। प्रदेश सरकार ने इस बार खेल नर्सरियां खोलने के लिए बड़े बदलाव किए हैं। पहले निजी व सरकारी तौर पर ही खेल नर्सरियां चलती थीं, लेकिन अब इसके बाद ग्राम पंचायतें भी अपना आवेदन कर सकती हैं। सरकार ने खेल नर्सरियों को खोलने के लिए अब ग्राम पंचायतों को भी आवेदन के लिए अधिकृत किया है।
दरअसल सरकार की सोच है कि नई खेल नर्सरियां चालू करने के लिए निजी शिक्षण संस्थानाें खेल विभाग व खेल संस्थानों के साथ-साथ अब इसमें ग्राम पंचायतों काे भी शामिल किया जाए। अगर ग्राम पंचायतें इसमें शामिल होती हैं तो ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेलों को बढ़ावा मिलेगा। खेल विभाग ने इस बार खेल नर्सरियों के आवेदन के लिए ऑफलाइन के बजाय इसे ऑनलाइन कर दिया है, ताकि किसी भी प्रकार का भेदभाव भी न दिखे। इसके अलावा सही प्रकार की शिक्षण संस्थाएं, निजी संस्थाएं व ग्राम पंचायतें भी आगे आ सकें।
15 मार्च तक दिए जा सकते हैं आवेदन
खेल विभाग की ओर से खेल नर्सरियों के लिए 15 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं। 15 मार्च तक जितने भी आवेदन आएंगे, उसके अनुसार ही खेल नर्सरियां खेल अधिकारी द्वारा मौके का निरीक्षण करने के बाद आबंटित की जाएगी।
खेल नर्सरियों में कम से कम होने चाहिए 20 खिलाड़ी
बजट में सरकार ने प्रदेश में खेल नर्सरियां बढ़ाने की घोषणा की है। खेल नर्सरियों में अधिकतम 25 खिलाड़ी और न्यूनतम 20 खिलाड़ी होना अनिवार्य है। साथ ही खिलाड़ियों के लिए सभी प्रकार की खेल सुविधाएं व खेल का सामान भी जरूरी है। खिलाड़ियों को इन खेल नर्सरियों में अभ्यास के लिए खुराक भत्ता भी दिया जाएगा। खिलाड़ियों का फीडबैक भी लिया जाएगा और उनके परिजनों को भी हर माह आयोजित बैठक में बुलाया जाएगा।
कोट
सरकार ने इस बार ग्राम पंचायतों को भी खेल नर्सरियां बनाने के लिए मंजूरी दी है। ग्राम पंचायतें इसके लिए विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यही नहीं इस बार ऑफलाइन नहीं बल्कि ऑनलाइन खेल नर्सरियों के लिए आवेदन होंगे, ताकि किसी प्रकार की भेदभाव की स्थिति से बचा जा सके।
राजबाला, जिला खेल अधिकारी, फतेहाबाद।