गारमेंट शॉप पर खरीदारी करते ग्राहक।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। त्योहार का सीजन शुरू होने के साथ ही बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई है। मार्च 2020 में हुए लॉकडाउन के बाद दुकानदारों ने लंबे समय तक मंदी का सामना किया है। उस हिसाब से दुकानदारों के अब अच्छे दिन आए हैं। ग्राहक खरीदारी के लिए आ रहे हैं। मगर साथ में कई चुनौतियां भी बढ़ी हैं। सबसे बड़ी चुनौती ये है कि ऑनलाइन सेल का कारोबार बढ़ा है। इसके चलते दुकानदारों के पास आने वाले ग्राहकों की संख्या में अब भी कमी है।
ऑनलाइन खरीदारी का प्रचलन तेजी से बढ़ा है। यह बदलाव भी कोरोना काल के दौरान ही आया है, जब दुकानें खोलने की अनुमति नहीं थी। तब दुकानदारों ने घरों व दुकानों में बैठकर ही कपड़े का कारोबार करना सीख लिया।
दुकानदार बताते हैं कि ऑनलाइन शॉपिंग अब गृहिणियों के लिए भी कारोबार बन चुका है। कुछ महिलाएं घर बैठे कमाई कर रही हैं। जिन वस्त्रों की खरीद पर छूट ज्यादा होती है, उसे ऑनलाइन मंगवा लेती हैं। बाद में उसे अच्छे दाम पर बेच दिया जाता है। इस तरह घर बैठे ही पचास फीसदी तक मुनाफा ले लेती हैं।
घर बैठे ऑर्डर करते हैं ग्राहक
आजकल हर किसी के हाथ में मोबाइल व इंटरनेट है। कंपनियों के बीच आपसी स्पर्धा ज्यादा है। ग्राहकों के लिए रोज नए-नए ऑफर आते हैं। इसलिए ग्राहक घर बैठे ही ऑनलाइन ऑर्डर कर देते हैं। इससे हमारे कारोबार पर विपरीत असर पड़ा है।
-रमन कुमार, दुकानदार।
पहले से कारोबार बेहतर
अगर बीते डेढ़ साल का दौर याद करें तो हालात बेहतर हैं। अभी लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान हमें बहुत घाटा लगा था। उसकी तुलना में कारोबार अच्छा है। ग्राहक भी आ रहे हैं। ऑनलाइन बिजनेस हमारे लिए चुनौती है।
-साहिल अरोड़ा, दुकानदार।
कई ग्राहकों को ऑनलाइन रास नहीं
अब ग्राहकों का मिजाज बदल रहा है। ऑनलाइन शॉपिंग में अनगिनत विकल्प होते हैं। इसलिए काफी ग्राहक ऑनलाइन खरीदारी करते हैं। हालांकि आज भी बहुत सारे ग्राहक ऐसे हैं, जो दुकान से खरीदना पसंद करते हैं। वे यहां से अपना साइज माप सकते हैं। कपड़े की क्वालिटी हाथ से छूकर देख सकते हैं।
-मनोज कुमार, दुकानदार।