फतेहाबाद। गांव झलनियां के पास साइकिल रिक्शा पर कुल्फी बेचकर आ रहे व्यक्ति को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर से घायल हुए व्यक्ति को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में लाया गया। यहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना सोमवार देर रात की है। मामले में सदर पुलिस ने मृतक गांव झलनियां निवासी गुरबचन सिंह के भाई गांव झलनियां निवासी दुनीचंद के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में दुनीचंद ने बताया कि उसका भाई गुरबचन सिंह साइकिल रिक्शा रेहड़ी पर कुल्फी बेचने का काम करता है। सोमवार रात को वह साइकिल रिक्शा रेहड़ी लेकर घर लौट रहा था, तब भूना की तरफ से आई कार ने टक्कर मार दी और चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लेकर आए, यहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंगलवार को मामले में कार्रवाई करके शव परिवार को सौंप दिया। संवाद