निशान सिंह ने कहा कि उचाना से एक नहीं चार दीदी भी चुनाव लड़ लें, हमें क्या दिक्कत है। भाजपा प्रदेश प्रभारी के बयान पर जजपा प्रदेशाध्यक्ष ने जवाब दिया है। कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तय किया गया था। गठबंधन उन्हीं शर्तों के तहत चल रहा है।
हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से भाजपा और जजपा नेताओं में चल रही जुबानी जंग में अब जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह भी कूद गए हैं। निशान सिंह ने कहा है कि यदि भाजपा को आगे गठबंधन नहीं रखना तो एक दीदी नहीं, बल्कि चार दीदियों को चुनाव लड़वा लें, हमें क्या दिक्कत है। उन्होंने टोहाना में मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रभारी बिप्लब देब के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि जींद के उचाना विधानसभा क्षेत्र से हमारी दीदी प्रेमलता चुनाव जीतेंगी।
विज्ञापन
बुधवार को मीडिया को जारी एक बयान में निशान सिंह ने कहा कि चुनाव के बाद भाजपा व जजपा का कुछ मुद्दों को लेकर गठबंधन हुआ था। कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तय किया गया था। गठबंधन उन्हीं शर्तों के तहत चल रहा है। जजपा के किसी नेता ने ऐसी कोई बात नहीं कही, जिससे दूसरी पार्टी को लगे कि हम एकतरफा चल रहे हैं।
मगर, पिछले दिनों भाजपा प्रदेश प्रभारी ने उचाना सीट को लेकर बयानबाजी आई कि मेरी दीदी चुनाव जीतेंगी। उचाना से जब उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला नेतृत्व कर रहे हैं, ऐसे में यह बयान देना गलत हैं। यह सरासर गठबंधन के खिलाफ है।
विज्ञापन
जब उपमुख्यमंत्री वहां से नुमाइंदा है, तो इस तरह की बयानबाजी करना परिपक्वता नहीं है। यह अलग बात है कि अगर उन्हें गठबंधन नहीं रखना है तो वह एक क्या बेशक चार दीदियों को चुनाव लड़वाएं, हमें कोई दिक्कत नहीं है।
सरकार किसानों को एमएसपी देने का काम करें
निशान सिंह ने कहा कि सरकार को सूरजमुखी पर एमएसपी देना चाहिए। वहीं, इनेलो की पदयात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि उनका अधिकार तो जनता ने छीन लिया है। 20 विधायक से अब मात्र अभय चौटाला एकमात्र विधायक बचे हैं। इनेलो के नेता अपनी झेप मिटाने के लिए दुष्यंत चौटाला व उनके परिवार पर बयानबाजी कर रहे हैं।