फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में प्रॉपर्टी आईडी के आवेदनों की जांच करते हुए कार्यकारी अभियंत
फतेहाबाद। प्रदेश सरकार के नगर निकाय विभाग ने अब शहर में प्रॉपर्टी में अलग हिस्से की प्रॉपर्टी आईडी जारी करने की सुविधा दे दी है। नगर निकाय विभाग ने इसको लेकर एनडीसी पोर्टल पर विकल्प जारी कर दिया है। मगर साथ में शर्त भी जारी की है। अलग हिस्से की प्रॉपर्टी आईडी तभी जारी होगी, जब पूरी प्रॉपर्टी का विकास शुल्क (डेवलपमेंट चार्ज) भरा जाएगा। नगर परिषद कार्यालय में अलग हिस्से की प्रॉपर्टी आईडी बनाने को लेकर रोजाना चार से पांच आवेदन आ रहे थे। मगर नगर निकाय द्वारा नहीं बनाई जा रही थी। अब नगर निकाय ने इसको लेकर स्पष्ट कर दिया है। यूएलबी मुख्यालय की तरफ से इसको लेकर नगर परिषद के अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। फिलहाल नगर परिषद फतेहाबाद में पोर्टल पर चेकर-मेकर की आईडी पर कोई फाइल लंबित नहीं है। नगर परिषद में रोजाना चार से पांच आवेदन ऐसे आते हैं जिसमें कहा जाता है कि पूरी प्रॉपर्टी में से सिर्फ 200 गज हिस्सा ही उसका है और उसकी अलग से प्रॉपर्टी आईडी नहीं है। नगर परिषद अधिकारी अलग से नहीं बना पा रहे थे। अब अगर 1000 गज की प्रॉपर्टी है और उसमें से 200 गज की प्रॉपर्टी आईडी बनवाना चाहते हैं तो आपको एक हजार गज प्रॉपर्टी का विकास शुल्क अदा करना होगा। इसके बाद ही फाइल आगे ऑनलाइन जाएगी।
ये लिया जाता है विकास शुल्क
क्षेत्र विकास शुल्क
रिहायशी 120 रुपये स्क्वायर मीटर
कमर्शियल 600 रुपये स्क्वायर मीटर
कोर श्रेणी कॉलोनी 240 रुपये स्क्वायर मीटर
जीटी रोड क्षेत्र 800 रुपये स्क्वायर मीटर
शहर की तीन कॉलोनियां कोर श्रेणी में शामिल
नगर परिषद फतेहाबाद क्षेत्र में रिहायशी क्षेत्र का विकास 120 रुपये स्क्वायर मीटर है। लेकिन तीन कॉलोनियां ऐसी हैं जिसका विकास शुल्क ज्यादा है। जिसमें सूर्या नगर एक्सटेंशन, बाला जी कॉलोनी, कीर्ति नगर एक्सटेंशन शामिल है।
शहर में ये है प्रॉपर्टी की स्थिति
कुल प्रॉपर्टी : 27500
खाली प्लॉट : 5050
कोट
अगर कोई हिस्से में प्रॉपर्टी आईडी बनवाना चाहता है तो उसे पूरी प्रॉपर्टी का विकास शुल्क देना होगा। पोर्टल पर इसको लेकर विकल्प जारी कर दिया गया है।
-संजय बिश्नोई, जिला नगर आयुक्त, फतेहाबाद