लघु सचिवालय में प्रदर्शन करते हुए लोग।
टोहाना।उपमंडल के एक गांव में नौ साल की बच्ची के साथ अधेड़ द्वारा छेड़छाड़ करने के मामले में कार्रवाई नहीं होने से रोषित लोगों ने लघु सचिवालय के बाहर धरना देते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इस धरने को कई कर्मचारी व सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने समर्थन भी दिया। इस दौरान लोगों ने डीएसपी शमशेर सिंह को ज्ञापन सौंपकर पुलिस को 24 घंटे में कार्रवाई करने की चेतावनी दिया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस राजनीतिक दबाव के चलते मामले को दबा रही हैं, इसलिए 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा नहीं गया गया तो सभी संगठन मिलकर प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। प्रदर्शन के दौरान बच्ची की मां ने डीएसपी शमशेर सिंह को लिखित शिकायत देकर आरोपी को गिरफ्तार करने और बच्ची के बयान दोबारा मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज करवाने की मांग की।
धरने पर मौजूद लोगों ने बताया कि 29 अक्तूबर की शाम को चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 9 वर्षीय बच्ची के साथ पड़ोसी बुजुर्ग ने छेड़छाड़ की। परिजनों ने अगले दिन ही पुलिस में शिकायत दी, जिसके बाद पॉक्सो एक्ट की धारा व आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हो गया, लेकिन 20 दिन से ज्यादा समय बीतने के बावजूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है, जिसके कारण पुलिस प्रशासन मामले को दबा रहा है। वहीं धरने पर शामिल वकील पीएस फानर ने बताया कि पहले बच्ची को पुलिस द्वारा डरा धमका कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और सही बयान नहीं करवाए गए, इसलिए अब परिजन दोबारा बच्ची के बयान करवाने की मांग कर रहे हैं।
इस मामले में पीड़िता बच्ची के बयान भी हो चुके हैं। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-शमशेर सिंह, डीएसपी, टोहाना