टोहाना। टोहाना से स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रही आईजी कॉलेज टोहाना की छात्रा को सामने से आ रही कार के चालक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को टोहाना के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजन हिसार के निजी अस्पताल में लेकर गए। मगर छात्रा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार टोहाना के आईजी कॉलेज में पढ़ने वाली अमानी गांव की 18 वर्षीय छात्रा जसबीर कौर बुधवार दोपहर बाद छुट्टी होने के बाद अपनी स्कूटी लेकर अपने घर की तरफ लौट रही थी। रास्ते में टोहाना-भूना रोड पर निजी स्कूल के पास छात्रा जसबीर कौर को सामने से रिट्ज कार लेकर आ रहे चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से छात्रा जसबीर कौर बुरी तरह घायल हो गई। घायल छात्रा को टोहाना के निजी अस्पताल लाया गया। जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हिसार भेजा गया। जहां छात्रा ने वीरवार सुबह दम तोड़ दिया। टोहाना शहर थाना प्रभारी शादीराम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। टक्कर मारने वाले कार चालक की तलाश की जा रही है।