फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतिमा विवाद : आज से एसडीएम कार्यालय टोहाना में डालेंगे पड़ाव, 26 अगस्त को सभी खापों की होगी बुवान में बैठक

विज्ञापन
अनुसूचित जाति वर्ग की सभा में मंच पर उपस्थित पूर्व सांसद अशोक तंवर। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
भूना। गांव बुवान में डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा विवाद को लेकर सोमवार को भी दिनभर तनावपूर्ण हालात बने रहे। प्रतिमा लगाने वाले पक्ष के लोगों ने दूसरे दिन भी अनाज खरीद केंद्र में सभा का आयोजन किया। सभा का संचालन करतार सिंह बुवान व बोस्ती के कर्मबीर रंगा ने किया। सभा में अपना भारत मोर्चा के संयोजक एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर और आम आदमी पार्टी दिल्ली के पूर्व विधायक सतीश कुमार भी शामिल हुए। मगर दोनों ही नेताओं ने प्रदर्शनकारियों को विवाद सामाजिक स्तर पर निपटाने के लिए कहा। पूर्व विधायक के भाषण के दौरान स्टेज पर हंगामा हो गया। प्रतिमा लगाने वाले लोगों ने भाषण बीच में ही बंद करवा दिया।
विज्ञापन

वहीं, सोमवार को दोनों पक्षों के बीच सद्भावना बैठक होनी थी। परंतु कुछ शरारती तत्वों ने ग्राम सचिवालय के सामने जिंदाबाद और मुर्दाबाद के नारे लगा दिए। इस कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस, सीआरपीएफ व आरएएफ के अर्धसैनिक बल ने मोर्चा संभाला। प्रतिमा लगाने वाला पक्ष शाम 5 बजे विवादित स्थल पर पड़ाव डालने पर अड़ा हुआ था। प्रतिमा लगाने वाले लोगों को स्टेज पर जाकर समझाने के लिए एडीसी अजय चोपड़ा, जिप सीईओ संजय बिश्नोई, डीएसपी अजायब सिंह ने प्रयास किए। हालात गंभीर होने की सूचना मिलने के बाद डीसी व एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्ष के लोगों को शांति बनाए रखने के लिए समझाया।
प्रशासनिक अधिकारियों के प्रस्ताव पर सहमत हो गए थे ग्रामीण
सोमवार को गांव बुवान के ग्राम सचिवालय में सर्व समाज की बैठक हुई। बैठक में रविवार को डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के बारे में विवाद निपटाने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दिए गए डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के बराबर दो और महापुरुषों की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव पर ग्रामीण सहमत हो गए थे। इस दौरान प्रतिमा लगाने वाले पक्ष के कुछ लोगों ने जिंदाबाद-मुर्दाबाद के नारे लगा दिए। इसको लेकर सर्व समाज के लोग में रोष पनप गया। सर्व समाज के गोविंद शर्मा, दलवीर यादव, हीराराम, लक्खा राम, सुरजीत ढाका, रघुवीर महला, महेंद्र वर्मा आदि ने बताया कि उपरोक्त हुड़दंगबाजी को लेकर गांव के लोगों को अपमानित करने का प्रयास किया गया। इसलिए जब तक बाहरी लोगों पर अंकुश नहीं लगेगा, तब तक सर्व समाज किसी भी कीमत पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्तालाप नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को सर्व समाज सभी खापों की बैठक बुलाएगा।
विज्ञापन

बाहरी लोग आकर बिगाड़ रहे गांव का माहौल
बैठक में सर्व समाज के लोगों ने कहा कि बाहर से आने वाले लोग सोशल मीडिया व मंच के माध्यम से गाली-गलौज कर रहे हैं, जिनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इन लोगों के कारण गांव का माहौल बिगड़ रहा है और मामला लगातार बढ़ता ही जा रहा है।
टोहाना में आज सीएम, डिप्टी सीएम, विधायक, डीसी व एसपी के पुतले फूंकेंगे
प्रतिमा लगाने वाले पक्ष के लोगों की सभा के मंच से हांसी के एडवोकेट रजत कल्सन ने फैसला सुनाया कि मंगलवार को एसडीएम कार्यालय टोहाना में पड़ाव डाला जाएगा। वहां बहुजन समाज के लोग भारी संख्या में पहुंचकर प्रशासन पर दबाव बनाएंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, टोहाना विधायक और फतेहाबाद के डीसी व एसपी के पुतले फूंककर गंदे नाले में डाले जाएंगे। इस मौके पर डॉ.भीमराव आंबेडकर कमेटी बुवान के संयोजक करतार सिंह रंगा, बलविंदर सिंह, बलदेव सिंह, कर्मवीर रंगा, डॉ. सतीश कुमार, इंद्र सिंह, छिंदा राम, डॉ. हरपाल सिंह, ईश्वर सिंह, कप्तान बौद्ध, मीनानंदा, जगरूप सिंह, अंकुश रंगा, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
भूना क्षेत्र के बुद्धिजीवी एवं गणमान्य व्यक्ति दोनों पक्षों में कराएंगे सुलह
गांव बुवान में डॉ. भीमराव आंबेडकर की पंचायत घर में लगाई गई प्रतिमा के बाद पैदा हुए विवाद को निपटाने के लिए मंगलवार को दर्जनों की संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौके का निरीक्षण करेंगे। प्रमुख समाजसेवी बलविंदर कैरो ने बताया कि गांव बुवान में तनावपूर्ण स्थिति समाप्त करने की दिशा में दोनों पक्षों से सलाह मशविरा करके समझौता वार्ता शुरू की जाएगी। इसमें सरपंच एसोसिएशन ब्लॉक भूना के प्रधान सुमित धारणिया, जिला परिषद के निवर्तमान सदस्य अजय मेहता, रामदास नंबरदार सहित 30 गांवों के निवर्तमान एवं पूर्व सरपंच, नंबरदार तथा वरिष्ठ नागरिकों का एक दल दोनों पक्षों के बीच बातचीत करके विवाद निपटाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।
गैर कानूनी ढंग से लगी है प्रतिमा तो सामाजिक स्तर पर निपटाएं विवाद : तंवर
अपना भारत मोर्चा के संयोजक एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर ने सभा में कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का हर वर्ग के लोगों को सम्मान करना चाहिए। अगर प्रतिमा कानूनी रूप से सही है तो उनकी लड़ाई दिल्ली तक लड़ी जाएगी। परंतु गैर कानूनी है तो सामाजिक रूप से विवाद को निपटा कर भाईचारा कायम रखना चाहिए। सरकार जातपात के नाम पर सामाजिक ताने-बाने को बिखेरने पर तुली हुई है। इसलिए हमें ऐसी समाज विरोधी ताकतों से भी सावधान रहना चाहिए।
डीसी व एसपी शांति बहाली के लिए आज फिर करेंगे वार्तालाप
उपायुक्त महावीर कौशिक व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति से निपटने के बाद मंगलवार को पुन: समस्त गांववासियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में बीच का रास्ता निकाल कर विवाद को समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में होगी। डीसी एवं एसपी की बैठक से पहले सर्व समाज के लोगों ने भी ग्राम सचिवालय में सुबह 10 बजे बैठक बुलाई है।
गांव में शांति एवं भाईचारा जल्द होगा कायम : डीसी
गांव बुवान में प्रतिमा को लेकर पैदा हुए विवाद को समाप्त करने की दिशा में लगातार दोनों पक्षों के साथ प्रशासनिक स्तर पर प्रयास हो रहे हैं। मंगलवार को दोनों पक्षों के साथ बैठक होगी और जल्द ही गांव में शांति एवं भाईचारा कायम हो जाएगा।
विज्ञापन

महावीर कौशिक, डीसी, फतेहाबाद

अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को समझाने के लिए मंच पर पहुंचे एडीसी अजय चोपड़ा।- फोटो : Fatehabad

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें