फतेहाबाद। रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब 2.25 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। आरोपी ने खुद को सुनीता दुग्गल और दीपेंद्र हुडा का करीबी बताया। मामले में शहर पुलिस ने गांव सरवरपुर निवासी सुखबीर की शिकायत पर आरोपी रतिया के गांव डिग्गी ढाणी निवासी गिरधारी लाल के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन के आरोप में मामला दर्ज किया है।
इस मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने एडीजीपी को शिकायत भेजी थी। इसके बाद पुलिस विभाग फतेहाबाद ने संज्ञान लिया है। आरोप है कि वर्ष 2021 सीएम विंडो पर शिकायत दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायत दफ्तर दाखिल कर दी थी। पुलिस को दी शिकायत में सुखबीर ने बताया कि वह आहूजा ल्यूबस एवं कंस्ट्रक्शन फैक्टरी हांसपुर रोड पर मजदूरी करता है। आरोप है कि आरोपी की बहन फैक्टरी में काम करती है और वह उससे मिलने के लिए आता था। इसके चलते उसकी आरोपी के साथ जान-पहचान हो गई।
आरोपी ने कहा कि उसकी सुनीता दुग्गल और दीपेंद्र हुडा के साथ जान पहचान है। सिरसा से भाजपा सांसद सुनीता दुग्गल से कहकर तुम्हारे भाई को रेलवे में नौकरी लगवा देगा। इसके बाद उसने रुपये उधार लेकर आरोपी को 2.25 लाख रुपये नकद दे दिए। इसके बाद आरोपी ने फार्म के साथ चेक लगाने का कहकर दो चेक ले लिए। आरोप है कि उसके भाई को नौकरी नहीं लगवाया गया, जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टाल-मटोल करने लगा। आरोप है कि 17 मार्च 2021 को एसपी कार्यालय फतेहाबाद और सीएम विंडो में शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस ने आरोपी के साथ मिलकर शिकायत को दफ्तर दाखिल कर दिया।