फतेहाबाद। परिवहन सेवाओं से जूझ रहे यात्रियों के लिए खुशखबरी है। फतेहाबाद के रोडवेज बेड़े में 10 नई बसें आ गई हैं और 10 बसें मार्च माह में शामिल होंगी। नई बसों का संचालन दो दिन पहले ही आरंभ कर दिया गया है। नई मिली बसों केे संचालन से पहले इन बसों का रोडवेज डिपो में इंस्पेक्शन किया गया। अब इनमें आठ बसों को लंबे रूटों पर व दो बसों को लोकल रूटों पर चलाया जा रहा है। वहीं अगले माह मिलने वाली 10 बसों के लिए रोडवेज विभाग की प्लानिंग है कि इन बसों को लंबे रूट पर ही चलाया जाए।
फतेहाबाद रोडवेज बेड़े में इससे पहले फतेहाबाद डिपो में 108 व टोहाना डिपो में 47 बसों का संचालन हो रहा था। इन बसों का संचालन लंबे रूटों के अलावा लोकल रूटों पर भी किया जा रहा है। अब सरकार की ओर से 10 नई बसें रोडवेज को दे दी गई हैं। इन बसों का इंस्पेक्शन भी कर लिया गया है और यह पूरी तरह से फिट पाई गई। साथ ही इनकी आरसी व अन्य सर्टिफिकेट भी रोडवेज विभाग की ओर से बनवा लिए गए हैं।
सरकार की ओर से फतेहाबाद रोडवेज को 10 और बसें अलॉट की गई हैं। यह बसें मार्च माह में फतेेहाबाद रोडवेज के बेड़े से जुड़ जाएंगी। इसके लिए रोडवेज विभाग ने पिछले दिनों सरकार से डिमांड की गई थी और सरकार ने इसे मंजूर कर लिया है। इन बसों में स्पेस भी अच्छा मिलेगा और लोगों को परेशानियां भी नहीं आएंगी। रोडवेज विभाग इन बसों को भी लंबे रूटों की प्लानिंग बना रहा है।
नई मिली बसों के यह हैं रूट
इन बसों में से दो बसों का संचालन फतेहाबाद से टोहाना, दो का टोहाना से हरिद्वार, दो का फतेहाबाद से दिल्ली, दो का चंडीगढ़ संचालन हो रहा है। दो बसें ऐसी हैं, जिनको कभी जयपुर तो कभी अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है, इनका शेड्यूल यात्रियों की डिमांड के अनुसार हो रहा है।
कोट
फतेहाबाद रोडवेज को 10 बसें हाल ही में मिली हैं और 10 बसें और अलॉट हो गई हैं। नई मिली बसों को रूट दे दिए गए हैं और आगे मिलने वाली बसों की रूट प्लानिंग भी लंबे रूटों के लिए है। रोडवेज में नई बसें आने से यात्रियों को अब टाइम टू टाइम बसों की सुविधा मिलेगी।
-शेर सिंह, जीएम, रोडवेज फतेहाबाद।