फतेहाबाद। दिवाली त्योहार को लेकर शहर में लग रहे जाम को लेकर प्रशासन ने आखिर संज्ञान ले लिया है। शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने थाना रोड से लेकर जवाहर चौक तक चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद कर दी है। मल्टीपर्पस पार्किंग और जवाहर चौक में ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। सुबह 9 बजे से लेकर रात 8 बजे तक चार पहिया वाहन बाजार में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा सन्यास आश्रम रोड से थाना रोड को जाने वाले रास्ते को भी बंद कर दिया गया है।
बता दें कि दिवाली त्योहार तक शहर के अंदर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा। शहर में लग रहे जाम को लेकर शनिवार के अंक में अमर उजाला ने मुद्दा उठाया था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने संज्ञान लेते हुए चार पहिया वाहनों का प्रवेश निषेध कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस के एएसआई हेतराम का कहना है कि शहर में जाम न लगे और दुकानदार तय सीमा से ज्यादा अतिक्रमण न कर सकें, इसलिए एक गाड़ी सुबह से लेकर रात 8 बजे तक गश्त करेगी। इसके अलावा दो कर्मचारियों की ड्यूटी पैदल गश्त पर लगाई गई है।
चार मरला कॉलोनी में भी प्रवेश बंद
शहर के चार मरला कॉलोनी में भी बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। सबसे ज्यादा ट्रैफिक थाना रोड से जवाहर चौक, धर्मशाला रोड, हंस मार्केट और चार मरला कॉलोनी में होता है। चार मरला कॉलोनी में भी ट्रैफिक पुलिस बैरिकेडिंग करेगी।
इन्हें मिलेगी छूट
ट्रैफिक पुलिस ने सुबह से लेकर रात तक चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी है। लेकिन उन लोगों को छूट दी गई है जो कि बाजार के आसपास की कॉलोनियों में रहते है। एंट्री लिए लोगों को प्रूफ दिखाना होगा।
कोट
त्योहार को देखते हुए शहर में जाम न लगे, इसलिए मुख्य बाजार में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। दुकानदारों को भी चेतावनी दी गई है कि वह अतिक्रमण न करें। लोगों से अपील है कि वह चार पहिया वाहन लेकर बाजार में न जाएं।
- रविश कुमार, प्रभारी, यातायात पुलिस
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जवाहर चौक में लगाए गए बेरिगेड्स।- फोटो : Fatehabad