फतेहाबाद। शहर में चोरियों, स्नेचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं के विरोध में संगठनों के 14 मार्च को दोपहर 12 बजे तक शहर बंद करने के ऐलान का आठ पार्षदों ने विरोध कर दिया है। शनिवार को अचानक नगर परिषद के इन पार्षदों ने बस स्टैंड और हुडा चौकी पहुंचकर पुलिस का समर्थन किया। पार्षदों ने आम जनता को भी पुलिस की मदद करने की नसीहत दी है। चौकियों में पहुंचे पार्षदों ने कहा कि पुलिस कर्मचारी काम कर रहे हैं और आम जनता उनका सहयोग करें, बंद से कोई समाधान नहीं होगा। इसके बाद सोशल मीडिया पर पार्षद दिनभर ट्रोल होते रहे और लोगों ने जमकर पार्षदों के खिलाफ भड़ास निकाली।
वार्ड नंबर तीन के पार्षद सुरेंद्र डिंगवाल, वार्ड 19 के पार्षद निर्मल सिवाच, वार्ड चार के पार्षद प्रतिनिधि मनोज नारंग और वार्ड दौ के पार्षद प्रतिनिधि सुनील शर्मा बस स्टैंड चौकी जबकि वार्ड 10 की पार्षद ज्योति मेहता, वार्ड आठ के पार्षद चंद्रभान वधवा, वार्ड 9 के पार्षद सुभाष नायक और वार्ड पांच के पार्षद प्रतिनिधि पंछीराम हुडा चौकी में पहुंचे। यहां पर पार्षदों ने पुलिस कर्मचारियों को समर्थन दिया और कहा कि पुलिस के सहयोग से ही समाधान होगा। अपराध रोकने के लिए बंद कोई समाधान नहीं है। आम जनता को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने ऐसे जताई नाराजगी
पुलिस चौकियों में जाकर पार्षदों ने समर्थन दिया तो आम जनता ने सोशल मीडिया पर ट्रोल किया और गुस्सा दिखाया। सोशल मीडिया यूजर मन्नी ने लिखा कि जनता सब सुन रही है, सब देख रही है, अब चुनाव जीत के तो दिखाना। अन्य यूजर सुग्रीव ने लिखा कि जनता ने ही खुद गलती की है, आप लोगों को चुनकर। वहीं अन्य यूजर नेकीराम ने लिखा कि पुलिस का दबाव है इन पर। एक अन्य यूजर प्रेम ने लिखा कि अपने ही चुने कुछ पार्षदों की बेवफाई को लेकर फतेहाबाद का लगभग हर नागरिक हतप्रभ है, मायूस है और काफी गुस्से में भी है।
पार्षद प्रतिनिधि की दुकान से चोर ले गए थे मोबाइल
जिंदगी संस्था के अध्यक्ष हरदीप सिंह ने पार्षदों के शहर बंद करने के विरोध को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने पार्षदों के वार्डों में हालात की पोल खोलते हुए बताया कि वार्ड नंबर चार के पार्षद प्रतिनिधि मनोज नारंग की मोबाइल मार्केट स्थित दुकान से दो महीने पहले चोर सरेआम फोन चुरा कर ले गए थे। पार्षद निर्मल सिवाच स्वयं बीते माह अपने वार्ड के एक अपराधी के खिलाफ जान से खतरा होने की शिकायत थाने में देने पहुंच गए थे। पार्षद ज्योति मेहता के वार्ड स्थित हुडा सेक्टर से पिछले दिनों सरेआम अपराधी तत्व एक गाड़ी से युवक का अपहरण कर ले गए। पार्षद रमेश डिंगवाल के वार्ड स्थित ठाकर बस्ती से चोर एक लॉडिंग वाहन चुरा ले गए। बीते सप्ताह ही देर शाम एक चोर ने शंकर सेन के घर सेंध लगाकर चोरी का प्रयास किया। पार्षद चंद्रभान वधवा, सुभाष नायक व पार्षद प्रतिनिधि पंछी के अधीन आने वाला अशोक नगर नशे व अपराध का गढ़ बन चुका है।
पार्षद 15 दिन पहले खुद एसपी को देकर आए थे ज्ञापन
आठ पार्षदों ने पुलिस का समर्थन किया है। हैरानीजनक बात यह है कि करीब 15 दिन पहले नगर परिषद की उपप्रधान सविता टुटेजा के साथ कई पार्षद एसपी आस्था मोदी को फतेहाबाद में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने का मांगपत्र देकर आए थे।
शहर में पुलिस की गश्त लगातार जारी है। मोटरसाइकिल राइडर भी गश्त करते हैं। पीसीआर भी अलग-अलग प्वाइंट पर गश्त कर रही है। पुलिस ने अधिकतर मामले सुलझा लिए है। शहर को अपराधमुक्त बनाने के लिए आम जनता से भी सहयोग की अपील की है।
- राजपाल सिंह, शहर थाना प्रभारी, फतेहाबाद
14 मार्च का बाजार बंद कोई पूरे दिन के लिए नहीं, बल्कि सांकेतिक रूप से दोपहर 12 बजे तक है। पूरा शहर इस बंद की कॉल की सराहना कर रहा है। कुछ पार्षदों ने थाने में जाकर पुलिस का समर्थन किया है। इसका जवाब जनता देगी।
हरदीप सिंह, अध्यक्ष, जिंदगी संस्था