हरियाणा के फतेहाबाद शहर में शुक्रवार को एक के बाद एक आत्महत्या की दो घटनाओं से इलाके में खलबली मच गई। शिव नगर में 29 साल के एक जिम ट्रेनर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली वहीं कुछ दूरी पर नहर कॉलोनी से एक 29 साल की लड़की द्वारा भी आत्महत्या करने की घटना हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिए और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजे। यहां परिजनों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के दोनों मामलों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह पुलिस को शिव नगर में गोविंदा नाम के एक शख्स के आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में ऊपर कमरे में 29 साल का गोविंदा फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गोविंदा जिम ट्रेनर का काम करता था और उसका अपनी पत्नी से तलाक को लेकर मामला चल रहा था।
गोविंदा की एक बेटी है जो उसके परिवार के साथ शिव नगर में ही रह रही थी। पत्नी से तलाक के मामले को लेकर गोविंदा मानसिक तौर पर परेशान रहता था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कार्रवाई करवाई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस जब शिव नगर में गोविंदा के घर पर पड़ताल कर रही थी ठीक उसी दौरान कुछ दूरी पर नहर कॉलोनी में एक 29 साल की लड़की के आत्महत्या की घटना हो गई। पुलिस को सूचना मिली तो मौके पर टीम पहुंची। यहां बेडरूम में बिस्तर पर ज्योति नाम लड़की ने फंदे से लटकी हुई मिली। ज्योति के फंदे पर लटके होने वाली जगह पर ही पास में कमरे की दीवार पर सुसाइड नोट लिखा था।
मौके पर सीन ऑफ क्राइम की टीम को बुलाया गया और जांच की गई। पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि ज्योति अविवाहित थी और एमए पास थी। परिवार ने ज्योति के किसी तरह के परेशान होने के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस ने मौके से शव कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
ज्योति के फंदा लगाने वाली जगह के पास दीवार पर लिखा मिला, मैं मेरी मौत की खुद जिम्मेदार
नहर कॉलोनी में आत्महत्या करने वाली लड़की ज्योति के फंदे पर लटके होने वाली जगह के पास बेडरूम की दीवार पर लिखा था- मैं मेरी मौत की खुद जिम्मेदार हूं। किसी का कोई कसूर नहीं है, अपनी मर्जी से फांसी खाई मैंने, सब ध्यान रखना अपना मम्मी पापा रोना मत मैं फिर से आऊंगी बेटी बनकर। मेरे लिए जिंदगी में कुछ बना ही नहीं। लव यू पापा मम्मी पिंका काका राजू। सब ध्यान रखना एक दूसरे का। अंत में एक स्माइली का डिजाइन भी बनाया गया है।
शहर में आत्महत्या की दो घटनाएं हुईं हैं। शिव नगर में एक लड़के द्वारा अपनी पत्नी से तलाक को लेकर चल रहे मामले से मानसिक तौर पर परेशान होकर आत्महत्या किए जाना मालूम हुआ है। वहीं नहर कॉलोनी में लड़की ने आत्महत्या की है। लड़की एमए पास थी और अविवाहित थी। परिवार ने आत्महत्या के पीछे किसी परेशानी के बारे में जानकारी होने से फिलहाल इनकार किया है। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। - सुरिंद्र भोरिया, एसपी, फतेहाबाद।