फतेहाबाद शहर में 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस, एक ऐसा दिन जब देशभर का सुरक्षा तंत्र इस स्तर पर अलर्ट होता है कि परिंदा भी पर न मार सके। मगर फतेहाबाद जिला मुख्यालय में पुलिस की नाक के नीचे दिन-दहाड़े स्नैचिंग की दो ऐसी वारदातें हुईं, जिसने पुलिस की इस तरह नींद उड़ाई कि तीन राज्यों में सर्च ऑपरेशन शुरू करना पड़ा है। फतेहाबाद पुलिस आरोपियों की तलाश में हरियाणा के साथ-साथ यूपी और पंजाब तक के प्रोफेशनल गैंग के अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है।
दोनों घटनाओं में वारदात के तरीके को समझते हुए पुलिस ने ऐसी आशंका जाहिर की है कि ये किसी हाई प्रोफेशनल गैंग का काम है, क्योंकि एक ही दिन में मिलती-जुलती स्नैचिंग की वारदात केवल फतेहाबाद शहर में ही नहीं हुई बल्कि हरियाणा के दूसरे जिलों में भी हुई है। एसपी ने छानबीन का दायरा बढ़ाते हुए 24 घंटे के भीतर तीन राज्यों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हरियाणा भर के थानों की पुलिस 26 जनवरी के दिन हुईं स्नैचिंग की वारदातों को सुलझाने के लिए यूपी से लेकर पंजाब तक ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले प्रोफेशनल गैंग के अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है, उनके फोटो मिलान कर रही है।
शहर फतेहाबाद में स्नैचिंग की दोनों वारदातें दोपहर तीन बजे से साढ़े तीन बजे के बीच अंजाम दी गई। पुलिस का मानना है कि इस मौके को आरोपियों ने इसलिए चुना क्योंकि कार्यक्रम समाप्त हो चुका था और सुरक्षा में लगी पुलिस टीमें कहीं न कहीं रिलैक्स हो गई थीं।
पुलिस पड़ताल के अनुसार इन दिनों में इस तरह की वारदातें पिछले वर्ष भी हुईं और खासकर इसमें प्रोफेशनल गैंग के लोग शामिल रहते हैं। यूपी के कई ऐसे गैंग हैं जो इस तरह की स्नैचिंग की वारदातें करते हैं और ये गैंग लुधियाना तक सक्रिय हैं। फिलहाल पुलिस टीम हरियाणा के अलावा यूपी में और पंजाब में इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वालों का रिकॉर्ड खंगाल रही है और उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस दोनों घटनाओं को ट्रेस कर लेगी।
फतेहाबाद शहर में लगभग हर दिन बाइक चोरी की घटना हो रही है, पुलिस ने कुछ आरोपी पिछले दिनों पकड़े लेकिन बाइक चोरी की घटनाओं का सिलसिला नहीं रुका, जनवरी महीने में भी शहर से निरंतर बाइक चोरी की घटनाएं हुईं। इनमें लघु सचिवालय की पार्किंग, बस स्टैंड और नागरिक अस्पताल तीन ऐसी जगहें हैं, जहां पर बाइक चोरी की घटनाओं को निरंतर अंजाम दिया जा रहा है।
बाइक चोरी की घटना दूसरे अपराधों को जननी है। आमतौर पर चोरी के बाइक दूसरे बड़े अपराध करने के लिए की जाती हैं। स्नैचिंग की वारदात में सबसे अधिक चोरी के बाइक इस्तेमाल होते हैं। 7 महीने पहले चार मरला कॉलोनी में स्नैचिंग की वारदात हुई जिसमें पुलिस जांच में सामने आया कि पंजाब से चोरी किए गए बाइक पर आए आरोपियों ने पहले सिरसा में स्नैचिंग की वारदात की और फिर फतेहाबाद में। इसी तरह पिछले वर्ष भूना में 11 जनवरी को महिला का पर्स बाइक सवारों ने छीना था। स्नैचिंग की वारदातों में पिछले कुछ समय से अंकुश लगा होने के बाद अचानक 26 जनवरी के दिन दो घटनाएं होने से पुलिस की सिरदर्दी बढ़ गई है।
इसमें कोई शक नहीं कि 26 जनवरी के दिन इस तरह की वारदातें होना बड़ी बात है। फतेहाबाद में दोनों स्नैचिंग की घटनाएं कार्यक्रम समाप्त होने के बाद हुई। पुलिस ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया है। कई टीमें छानबीन में लगाई गई हैं। वारदात का तरीका प्रोफेशनल गैंग द्वारा अंजाम देने वाली वारदातों से मेल खाता है। इसलिए पंजाब और यूपी में सीसीटीवी फुटेज सर्कुलेट करके वहां भी रिकार्ड खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपी ट्रेस कर लिए जाएंगे। -सुरिंद्र भोरिया, एसपी, फतेहाबाद।