हरियाणा के फतेहाबाद में फर्जी पासपोर्ट के मामलों में आरोपियों की धरपकड़ आखिरी चरण में पहुंचने के बाद अब विभागीय स्तर पर हुई लापरवाही का आकलन शुरू किया गया है। संबंधित थाना से लेकर पासपोर्ट ब्रांच तक वेरिफिकेशन व दस्तावेजों की जांच करने से जुड़े हर पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद डिस्क्लोजर रिपोर्ट में जो सामने आएगा, उसके अनुसार संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार फर्जी पासपोर्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपी अहरवां निवासी मनदीप की तलाश के लिए छापे मारे जा रहे हैं। चार राज्यों में आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है। वहीं गिरफ्तार किए गए आरोपियों सतनाम, मनीष, तिलक, बलविंद्र से भी मनदीप के बारे में पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन अभी तक मनदीप की गिरफ्तारी पुलिस नहीं कर पाई है। उधर, फतेहाबाद की अदालत में मनदीप ने अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी है।
अब तक चार लोगों की हुई गिरफ्तारी से फर्जी पासपोर्ट बनवाने के पूरे नेक्सस का लगभग पता चल चुका है। इस मामले में संबंधित थाना से लेकर पासपोर्ट ब्रांच तक जिन भी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी वेरिफिकेशन को लेकर रहती है, उनकी विभागीय जांच करवाने के ओश दिए गए हैं। विभागीय जांच के बाद डिस्क्लोजर रिपोर्ट में जो भी सामने आएगा, उसी के अनुसार संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - सुरिंद्र भोरिया, एसपी, फतेहाबाद