एटीएम लूट और चोरी के अंतरराज्जीय गिरोह के एक और मास्टरमाइंड शमशेर समेत दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी टोहाना में पीएनबी के पौने 18 लाख रुपये से भरे एटीएम लूट की वारदात में भी शामिल थे।
पुलिस ने आरोपी शमशेर और राजेश को राजथल थाना नारनौंद जिला हिसार के शमशान घाट के पास से गिरफ्तार किया है, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए ये आरोपी घर छोड़कर एक महीने से श्मशान घाट के पास ही सो रहे थे। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से इन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस गैस कटर, शामिल गाड़ियां, पैसों की रिकवरी तथा फरार आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी।
26/27 दिसंबर की रात को टोहाना में अमानी के नजदीक कर्नल पब्लिक स्कूल के पास लगे पीएनबी के एटीएम को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए गैस कट्टर से काटकर 17 लाख 68 हजार रुपये उड़ा लिए थे। वारदात के लगभग 10 दिन बाद पुलिस ने टोहाना में ही रेलवे फाटक के पास तीन लोगों को कट्टर व हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने टोहाना में एटीएम लूट की वारदात को कबूला और बताया कि इस वारदात में आठ लोग शामिल थे। पुलिस ने इन आरोपियों से 4 लाख 20 हजार रुपये बरामद किए। अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस एक महीने से दबिश दे रही थी। शनिवार रात को पुलिस ने फरार पांच आरोपियों में दो आरोपियों शमशेर, राजेश निवासी राजथल थाना नारनौंद जिला हिसार को गिरफ्तार कर लिया।
एटीएम लूट व चोरी की 100 से ज्यादा वारदातों को दिया अंजाम
अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हरियाणा, उड़ीसा, पंजाब, बिहार में 100 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पीएनबी के एटीएम को ज्यादातर निशाना बनाते थे क्योंकि वहां पर गार्ड नहीं होता है। पुलिस को अब तीन आरोपी जयसिंह, रणजीत व अजीत की तलाश है।
टोहाना एटीएम लूट के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश करके पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पैसों की रिकवरी, दो कार व गैस कटर की बरामदगी की जाएगी।
ओपी नरवाल, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद