हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र के गांव खजूरी जाटी निवासी इनेलो छात्र नेता विनीत मांझू की हत्या के आरोप में गिरफ्तार मुख्य आरोपी गौरव उर्फ गौरू भिरड़ाना व किरढान के सुनील कुमार को पुलिस ने मंगलवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
वहीं हत्या की पूरी वारदात का पुलिस द्वारा निशानदेही करते हुए क्राइम सीन रिक्रिएट किया जाएगा। दोनों आरोपियों को पुलिस आदमपुर में हत्याकांड को अंजाम देने से लेकर राजस्थान में उस नदी पर उस जगह तक लेकर जाएगी जहां आरोपियों ने विनीत के शव को ठिकाने लगाया।
गौरतलब है कि गांव खजूरी जाटी के पूर्व सरपंच के इकलौते बेटे एवं इनेलो के पूर्व छात्र नेता विनीत मांझू हत्याकांड में मुख्य आरोपी गौरव उर्फ गोरू व सुनील किरढ़ान को पुलिस ने सोमवार की देर रात्रि को फतेहाबाद बस स्टैंड से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार गौरव व सुनील को मंगलवार की दोपहर को अदालत में पेश किया गया जहां से दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की शुरूआती जांच में 20 लाख रुपये के लेन-देन के चलते नशे में विनीत मांझू की हत्या करने किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार गौरव उर्फ गोरू व सुनील किरढ़ान से पूछताछ में सामने आया है कि 22 जनवरी को आरोपी गौरव उर्फ गोरू भिरड़ाना, सुनील किरढ़ान व संदीप लेगा बनावाली एक कार में विनीत मांझू को जिला हिसार के आदमपुर में ले गए थे।
इन सभी ने नशा किया हुआ था। आदमपुर में एक कमरे में चारपाई के साथ विनीत को बांध दिया था। पुलिस पूछताछ के अनुसार नशे की हालत में गौरव उर्फ गोरू ने विनीत मांझू के साथ 20 लाख रुपये लेने को लेकर बहस करते हुए गुस्से में डिश की तार से विनीत का गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी।
ध्यान भटकाने के लिए फतेहाबाद में मोबाइल और राजस्थान में फेंका शव
पुलिस के अनुसार 22 जनवरी को विनीत को घर से ले जाने के बाद उसी रात को ही हत्याकांड को अंजाम दे दिया गया था। अगले दिन आरोपियों ने ध्यान भटकाने के लिए बड़ोपल नहर के समीप विनीत का फोन फेंक दिया वहीं खुद शव को ठिकाने लगाने की तैयारी करते रहे। इसके लिए इन्होंने बाट का इंतजाम किया ताकि कहीं पानी में शव को ठिकाने लगाने के बाद शव ऊपर न आए। इसके बाद गाड़ी में शव को लेकर आरोपी राजस्थान पहुंचे और बताया गया है कि रावतसर के नजदीक कहीं नदी में आरोपियों ने विनीत का शव फेंक दिया।
डीएनए टेस्ट की भी तैयारी
विनीत मांझू का शव करीब एक महीने से पानी में होने के कारण गल चुका था। नोख थाना में शव मिलने के बाद फतेहाबाद पुलिस ने शव की परिवार द्वारा पहचान करने और कई सबूत शव के बारे में पुख्ता होने के बाद अपनी जांच शुरू की। लेकिन विनीत के शव की मेडिकल पुष्टि के लिए पुलिस अब डीएनए टेस्ट करवाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव से डीएनए जांच के लिए सैंपल ले लिए गए हैं जबकि अब मृतक के परिवार के सैंपल लिए जाने हैं। डीएनए जांच रिपोर्ट भी इस मामले मेें तैयार करवाई जाएगी।
विनीत मांझू की हत्या के आरोप में गिरफ्तार मुख्यारोपी गौरव भिरड़ाना व सुनील किरढान को अदालत में पेश करने पर तीन का रिमांड मिला है। आरोपियों को हत्याकांड वाली जगह से लेकर राजस्थान में शव ठिकाने लगाने वाली जगह तक ले जाकर निशानदेही करवाई जाएगी और हत्याकांड से जुड़े सबूत एकत्रित किए जाएंगे। इस दौरान जरूरी जगहों पर क्राइम सीन रिक्रिएट करवाया जाएगा। - अजैब सिंह, डीएसपी, फतेहाबाद।