हॉस्टल के बाहर गम में बैठे देवेंद्र के पिता व देवेंद्र का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के रोहतक में पीजीआईएमएस स्थित लड़कों के हॉस्टल में एक दंत चिकित्सक की मंगलवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। आरोप है कि एक लड़की व उसका पुरुष मित्र 23 वर्षीय देवेंद्र का मानसिक तौर पर उत्पीड़न कर रहे थे। मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही कथित रूप से बरामद सुसाइड नोट की जांच पड़ताल की जा रही है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस के मुुताबिक शहर की भिवानी चुंगी स्थित राजेंद्रा कॉलोनी निवासी बलजीत सिंह ने दी शिकायत में बताया कि उसके तीन लड़के हैं। उसका बड़ा लड़का देंवेंद्र पीजीआई में आता रहता था। साथ ही कभी-कभी हॉस्टल में रुक जाता था। मंगलवार दोपहर उसकी देवेंद्र से बात हुई।
उसके बेटे देवेंद्र के पास दिव्या भारती नामक एक लड़की का फोन आता था। कुछ दिनों से दिव्या भारती व उसका पुरुष दोस्त देवेंद्र का मानसिक तौर पर उत्पीड़न कर रहे थे। उसे पुलिस ने सूचना दी कि उसके लड़के देवेंद्र ने हॉस्टल में फांसी लगा ली है।
वह हॉस्टल पहुंचा तो देवेंद्र का शव बेड शीट से बने फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने बताया कि देवेंद्र का सुसाइड नोट व फोन मिला है। उसे शक है कि देवेंद्र ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या हुई है। किसी ने उसे मारकर फंदे पर लटकाया है।
2015 में लिया था देवेंद्र ने बीडीएस में दाखिला
पुलिस को जांच में पता चला कि देवेंद्र ने 2015 में बीडीएस में दाखिला लिया था। 2020 में पास हो गया। मंगलवार को उसका शव दूसरे छात्र के कमरे में मिला। जिस छात्र का कमरा था, वह परीक्षा देने गया हुआ था।
मंगलवार को राजेंद्रा कॉलोनी निवासी देवेंद्र का शव पीजीआई के हॉस्टल में एक कमरे के अंदर लटका मिला। मौके से दो पेज का एक सुसाइड नोट मिला है, जिसकी जांच पड़ताल कर रहे हैं। परिजनों ने एक लड़की व अन्य पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। साथ ही शक व्यक्त किया है कि उसके बेटे की हत्या हुई है। पुलिस हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है। - सब इंस्पेक्टर प्रमोद गौतम, थाना प्रभारी पीजीआईएमएस