दो व्यक्ति ट्रेन में ला रहे थे चूरापोस्त
पुलिस ने चूरापोस्त की तस्करी पकड़ी
अमर उजाला ब्यूरो।
जाखल
पुलिस ने ट्रेन से तस्करी कर रहे दो व्यक्तियों से 60 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। वहीं तस्करी कर रहे दो व्यक्तियों में से एक जहां फरार होने में सफल रहा वहीं एक को काबू कर केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल काबू किए गए आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिनों का रिमांड लिया गया है व पुलिस आरोपी से मामले में पूछताछ कर घटना की जांच कर रही है।
रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी दरिया सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्ता सूचना मिली कि मुंबई से फिरोजपुर आ रही 19023 जनता एक्सप्रेस ट्रेन में चूरापोस्त लाई जा रही है। जिस पर पुलिस ने ट्रेन की तलाशी ली तो एक यात्रियों के बीच बैठे दो व्यक्ति पुलिस की इस कार्रवाई को देख घबरा गए। पुलिस ने शक पड़ते ही जैसे ही सीटों के नीचे रखे सामान की जांच शुरू की तो दोनों व्यक्तियों में से एक व्यक्ति मौका पाकर निकल गया। जबकि उसका दूसरा साथी वहीं बैठा रहा। पुलिस ने सीटों के नीचे रखे बैग खोले तो उसमें चूरापोस्त भरे हुए पाया। चौकी प्रभारी ने बताया कि सीटों के नीचे रखे चार बैग में 60किलो 400 ग्राम चूरापोस्त भरे हुए पाया। ट्रेन के जाखल पहुंचते ही व्यक्ति सहित चूरापोस्त को कब्जे में ले लिया गया। आरोपी की पहचान बलविंद्र उर्फ फिन्ना निवासी फाफड़े भाई के(बुढलाड़ा) के रूप में की गई है। बलविंद्र ने बताया कि वह ओर उसका दूसरा साथी चूरापोस्त को मध्यप्रदेश से खरीद कर लाए थे व पंजाब के बुढ़लाडा नजदीक फाफड़े भाई के ले जा रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामले में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को शनिवार कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे 4 दिनों के लिए रिमांड पर लिया गया है।