अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। टोहाना के राजनगर में वीरवार रात को तस्करों को पकड़ने गई सीआईए पुलिस टीम पर तस्करों व उनके परिजनों ने लाठियों, जेलियों से हमला बोल दिया व पथराव भी किया। हमले में 4 पुलिस कर्मचारी व तस्कर पिता पुत्र भी घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए टोहाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना पाते ही डीएसपी जोगिन्द्र शर्मा भारी पुलिस फोर्स सहित मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले में 5 लोगों को खिलाफ केस दर्ज कर एक महिला सहित 3 को काबू कर लिया है। पुलिस ने मौके से 5 किलो गांजा व डेढ़ किलो चूरापोस्त तथा 3500 रुपये नकदी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टोहाना सीआईए के इंचार्ज इंस्पेक्टर जय भगवान को गुप्त सूचना मिली थी कि जोगिन्द्र सिंह पुत्र मंशाराम व उसका बेटा बिट्टू राजनगर टोहाना में नशीला पदार्थ बेचने का धंधा करते है। इन लोगों पर पहले भी नशीला पदार्थ बेचने के कई केस दर्ज है। इस पर इंस्पेक्टर जयभगवान, एएसआई हरनेक सिंह, सुरेश कुमार, राजकुमार, सोमनाथ, हवलदार जसपाल, पीएचएसी राजविन्द्र व हरदेव सिंह, सिपाही कुलदीप तथा एसपीओ नरेंद्र कौर के साथ राजनगर में रेड मार दी। यहां पर दो व्यक्ति हाथ में एक प्लास्टिक का कट्टा व पॉलिथीन में नशीला पदार्थ लिए हुए खड़े थे। पुलिस को देखते ही वह अपने मकानों में घुस गए। पुलिस ने जब उनको काबू करने का प्रयास किया तो उनके परिजनों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और जैली, डंडों से लेस होकर पुलिस टीम के सामने आ गए। उन्होंने पुलिस टीम से मारपीट करते हुए हवलदार जसपाल सिंह की वर्दी फाड़ दी। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने इंस्पेक्टर जयभगवान पर जैली से वार किया, लेकिन इंस्पेक्टर जयभगवान ने राइफल से अपना बचाव कर दिया। जिससे राइफल की मैगजीन भी टूट गई।
हमले की सूचना मिलते ही डीएसपी जोगिन्द्र शर्मा भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और जिनको देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने दो आरोपियों जोगिन्द्र व बिट्टू को काबू कर उसे डेढ़ किलो चूरापोस्त, 5 किलो गांजा व 3500 रुपये की नकदी बरामद की। इस हमले में एएसआई सुरेश कुमार, एएसआई सोमनाथ, हवलदार जसपाल, सिपाही कुलदीप व दोनों आरोपियों जोगिन्द्र व बिट्टू को चोटें आई जिनको इलाज के लिए टोहाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने इंस्पेक्टर जयभगवान की शिकायत पर जोगिन्द्र सिंह, बिट्टू, गरीना, हरपाल कौर, चरणजीत कौर के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज करके जोगिन्द्र, बिट्टू व बिट्टू की पत्नी गरीना को काबू कर लिया है।
पहले भी दर्ज हैं कई केस
एसआई रमेश चंद्र ने बताया कि आरोपी जोगिंद्र पिछले लंबे समय से नशे के कारोबार में संलिप्त है। उन्होंने बताया कि जोगिंद्र पहले जाखल के चुहड़पुर का रहने वाला है तथा वहां बैड कैरेक्टर घोषित हो चुका है। रमेश चंद्र ने कहा कि जोगिंद्र पर कुरुक्षेत्र, पेहवा, जाखल व टोहाना में चोरी, नशा तस्करी, आर्म्स एक्ट के 22 मुकदमे दर्ज हैं तथा इसके बेटे कुलदीप पर भी चार मुकदमे दर्ज हैं। जांच अधिकारी एएसआई साधुराम ने बताया कि सीआईए इंचार्ज जयभगवान की शिकायत पर पुलिस ने राजनगर निवासी जोगिंद्र, बेटा कुलदीप उर्फ बिट्टू, पत्नी हरपाल कौर, पुत्रवधू गरीना व पुत्री चरणजीत कौर के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालकर आरोपियों को छुड़वाने का प्रयास व नशा अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों के घर से 5 किलोग्राम गांजा, 1 किलो 500 ग्राम चूरापोस्त व 3500 रुपये की नकदी भी बरामद की है।