टोहाना। कृष्णा मार्केट स्थित स्पाइडर फैशन हाउस के मालिक और गांव सलेमपुरी के पूर्व सरपंच के भाई की मंगलवार रात को बर्फ तोड़ने वाले सुए से ताबड़तोड़ वार करके हत्या कर दी गई। सूचना पाकर पहुंची शहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच के लिए एसपी विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया कि शीघ्र आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। पुलिस कार्रवाई से नाराज हरियाणा व्यापार मंडल व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के आढ़तियों ने रेलवे रोड पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया। मृतक के एक बेटा व बेटी है और पत्नी रेणू कूदनी के राजकीय स्कूल में गेस्ट टीचर है। एसपी ने बताया कि सीआईए की टीम का गठन करके मामले की जांच आरंभ कर दी गई है। वारदात स्थल के 2 किलोमीटर दायरे में सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सलेमपुरी के पूर्व सरपंच दिनेश कुमार ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर का कार्य करता है और वे दो भाई हैं। उसने बताया कि उसका छोटा भाई जोगिंद्र उर्फ बिट्टू उसके दफ्तर से थोड़ी दूरी पर किराए की दुकान में रेडीमेड कपड़े का शोरूम चलाता था। उसने बताया कि उसकी दुकान पर पटेल नगर निवासी हैप्पी व बुआन बोस्ती निवासी सन्नी सेल्समैन के तौर पर कार्य करते हैं और हैप्पी सुबह दुकान को खोलता था। उसने बताया कि उसका भाई रोजाना रात को 8 बजे दोनों सेल्समैनों को घर भेजकर रात्रि दस बजे तक कार्य करता था। उसने बताया कि वह भी दफ्तर से रात को लगभग दस बजे घर जाता था। उसने बताया कि वह भाई की दुकान के पास से होते हुए घर की तरफ जाता था, जब कोई ग्राहक न हो तो वह भी जोगिंद्र भी साथ में ही चला जाता था। उसने बताया कि जब वह मंगलवार देर रात्रि दुकान के पास पहुंचा तो देखा कि उसकी भाई की दुकान पर 2-3 ग्राहक सामान खरीद रहे थे, जिनमें से दो-तीन काउंटर पर थे और 1-2 कपडे़ ट्राई कर रहे थे। घर जाने की पूछने पर भाई ने कहा कि ग्राहकों को सामान देने के बाद आऊंगा आप चले जाओ।
उसने बताया कि जब वह घर गया तो रात्रि के समय उसकी भतीजी नोनी ने फोन पर बताया कि पापा घर नहीं आए हैं और उनका फोन बंद आ रहा है। इसके बाद जब वह भाई की दुकान पर पहुंचा तो उसने देखा कि दुकान का शटर आधा बंद किया था। जब वह दुकान में गया तो उसका भाई दुकान पर नहीं मिला। जब नीचे बेसमेंट में देखा तो उसका भाई खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।
मृतक के भाई के अनुसार जब वह अपने भाई को दुकान पर छोड़कर गया था उस समय जो ग्राहक कपडे़ खरीद कर रहे थे तो उन्होंने ही उसके भाई से रंजिश व पैसों को लेकर हत्या की है। उसने बताया कि उक्त लोगों ने उसके भाई के छाती व पेट में लोहे के सुए से हत्या की है। दुकान के गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी गायब है। पुलिस ने दिनेश की शिकायत पर अज्ञात युवकों पर हत्या का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
वाटर कूलर लगवाना चाहता था जोगिंद्र
गर्मी के दिनों में लोगों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके चलते जोगिंद्र ने दुकानदारों से सहयोग के रूप में राशि एकत्रित करनी शुरू कर दी थी ताकि वाटर कूलर लगाया जा सके। मृतक के भाई के अनुसार जोगिंद्र के सरल स्वभाव के चलते हर दुकानदार ने सहयोग किया और जल्द वाटर कूलर लगाना था, लेकिन देर रात्रि यह घटना हो गई। डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर टीमें जांच कर रही है। शीघ्र ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।