सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर तीन युवकों से ठगे 10 लाख रुपये, दो पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शहर थाना पुलिस नेे तीन युवकों की शिकायत के आधार पर सिरसा के गांव भावदीन निवासी रविंद्र कुमार व उत्तर प्रदेश के आगरा जिला निवासी संजय के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में भूना तहसील निवासी अमर सिंह, शहर के मातूराम कॉलोनी निवासी दीपक मंगल व हरिपुरा निवासी संदीप ने बताया कि अमर सिंह की पढ़ाई करते समय उक्त आरोपियों से जान पहचान हो गई थी। शिकायत के अनुसार उक्त आरोपियों ने अमर सिंह को कहा कि उनकी बड़े लोगों से जान-पहचान है तथा वे हरियाणा में उसे नौकरी लगवा सकते है। आरोपियों ने एक नौकरी दिलाने का रेट 9 लाख रुपये बताया था। आरोपियों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता व उसके दोनों दोस्तों ने आरोपियों को कुल 10 लाख रुपये दे दिए। जिनमें सेेे अमर सिंह ने साढ़े 4 लाख व दीपक मंगल व संदीप ने साढ़े 5 लाख रुपये साल 2017 में आरोपियों को दिए थे। आरोप है कि उक्त आरोपी तब से अब तक उन्हें नौकरी का झांसा दे रहे थे लेकिन सख्ती से कहने पर आरोपियों ने नौकरी दिलाने से मना कर दिया और पैसे वापिस देने से भी इंकार कर रहे हैं। मामले की जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी रिछपाल साहू ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, पूरे मामले की जांच की जा रही है।