फतेहाबाद के सरकारी स्कूल में डेस्क लगाता हुआ कर्मचारी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। कोरोना महामारी के कारण बंद शिक्षण संस्थान 30 दिनों बाद मंगलवार से खुलने जा रहे है। स्कूलों में कक्षा दसवीं से बारहवीं शुरू होने जा रही है। स्कूलों में वो ही विद्यार्थी प्रवेश कर पाएंगे जिन्होंने कोरोना वैक्सीन लगवा ली है। कोरोना टीका रिपोर्ट दिखाने के बाद ही स्कूल में आ सकेंगे। लेकिन अभी तक जिले में 13 हजार 121 विद्यार्थियों ने टीका नहीं लगवाया है।
सरकारी स्कूलों के भी 8 हजार 470 विद्यार्थियों ने अभी कोरोना वैक्सीन की पहली डोज नहीं लगवाई है। स्कूल आने के लिए अभिभावकों का अनुमति पत्र भी दिखाना होगा। जिला शिक्षा विभाग ने इस संबंध में स्कूलों को आदेश जारी कर दिए हैं। 15 से 17 आयु वर्ग का टीकाकरण 3 जनवरी को शुरू हुआ था। 55 हजार किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसमें करीब 47 हजार छात्र शामिल हैं। अभी तक स्कूलों ही टीकाकरण कैंप लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक 33 हजार 879 छात्रों ने टीका लगवाया है। 21 हजार किशोर टीका लगवाने नहीं आए हैं, इसमें 13 हजार स्कूली छात्र शामिल हैं।
आईटीआई में लगाए जाएंगे टीकाकरण कैंप
आईटीआई भी मंगलवार से स्कूल जाएंगी। इसको लेकर सोमवार को गाइडलाइन जारी हो गई है। आदेशों में कहा गया है कि आईटीआई में आने वाले छात्र को पहली डोज लगी होनी चाहिए। टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करके कैंप लगाने होंगे।
कोट
कॉलेज, 10वीं से 12वीं के स्कूलों और दूसरे शिक्षण संस्थानों को एक फरवरी से खोलने के आदेश जारी किए गए हैं। शिक्षण संस्थानों से कहा है कि 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के छात्रों को कोविड रोधी टीके की पहली डोज लगी होने पर ही कक्षाओं में जाने की अनुमति होगी। इसके लिए कोविड उचित व्यवहार का पालन सुनिश्चित करना होगा। सामाजिक दूरी के सिद्धांत को बनाए रखना होगा और नियमित रूप से सैनिटाइजेशन करना होगा।
- प्रदीप कुमार, उपायुक्त फतेहाबाद।
फतेहाबाद में कोरोना से बचाव का टीका लगवाता पात्र।- फोटो : Fatehabad