फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नागरिक अस्पताल का ई-उपचार पोर्टल पांच दिन से बंद

विज्ञापन
सर्वर बंद होने के चलते रजिस्टर में रिकॉर्ड दर्ज करती महिला कर्मचारी। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
नागरिक अस्पताल में ई-उपचार पोर्टल पिछले पांच दिन से बंद पड़ा है। इसके चलते मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यूपीएस खराब होने के चलते अस्पताल के ई-उपचार सर्वर बंद हुआ था। इसके बाद से अभी तक ठीक नहीं हो पाया। मरीजों का ऑनलाइन ओपीडी रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा। ऐसे में मैनुअल तरीके से पर्ची काटनी पड़ रही है। मरीजों को पर्ची कटवाने के लिए दो-दो घंटे तक लाइन में लगे रहना पड़ रहा है। ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष के बाहर पर्ची कटवाने के लिए मरीजों की लंबी लाइन लगी रहती है। ई-उपचार सर्वर के लिए दो यूपीएस सिस्टम लगाए गए थे। एक पांच माह पहले खराब हो गया था। दूसरा अब खराब हो चुका है। यानी अब दोनों ही खराब हैं।
विज्ञापन

बता दें कि नागरिक अस्पताल के ओपीडी कक्षों में लगाए गए कम्प्यूटर में प्रत्येक मरीज का डाटा दर्ज होता है। ओपीडी रजिस्ट्रेशन से लेकर रिपोर्ट तक का रिकॉर्ड ऑनलाइन रखा जाता है। मरीज को कौन सी दवा दी गई, यह भी रिकॉर्ड दर्ज होता है। अगर किसी मरीज के पास पर्ची नहीं है तो डॉक्टर ई-उपचार पोर्टल पर मरीज की उपचार हिस्ट्री देख सकता है। फिलहाल पांच दिन से यह व्यवस्था बंद है।
अस्पताल प्रशासन की लापरवाही रही
कर्मचारियों की मानें तो इस अव्यवस्था के लिए अस्पताल प्रशासन जिम्मेदार है। कर्मचारियों ने पहला यूपीएस खराब होते ही अधिकारियों को अवगत करा दिया था। यह भी चेता दिया था कि यदि दूसरा यूपीएस खराब हो गया तो सर्वर बंद हो जाएगा और हालात बिगड़ जाएंगे। मगर प्रशासन ने गौर ही नहीं किया। अस्पताल प्रशासन पांच माह तक एक यूपीएस को ठीक नहीं करवाया। यदि पहला यूपीएस ठीक करवाया होता तो सर्वर बंद न होता।
विज्ञापन

मैनुअल में आ रही परेशानी
नागरिक अस्पताल में रोजाना लगभग 600 से 650 मरीज आते हैं, जिनकी ओपीडी रिकॉर्ड में एंट्री दर्ज होती है। सर्वर चालू होने की स्थिति में सारा काम ऑनलाइन होता है। ऐसे में काम आसान रहता है। अब यह काम मैनुअल पर्ची से करना पड़ता है। इससे मरीज व स्टाफ, दोनों को ही दिक्कत आती है।
कोट
जल्द समाधान हो जाएगा: अधिकारी
यूपीएस खराब होने के कारण ई-उपचार सर्वर में दिक्कत आ रही है। यूपीएस ठीक करने के लिए संबंधित कंपनी के कर्मचारियों को कहा गया है। हम दो बार रिमाइंडर भी भेज चुके हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सोमवार को दोबारा मेल भेजी जाएगी और जल्द से जल्द सर्वर चालू करवाए जाएंगे।
विज्ञापन

-डॉ. राजेश चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।

ओपीडी काउंटर के बाहर लगी मरीजों की कतार। - फोटो : Fatehabad

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें