तेहाबाद में गर्मी से बचाव के लिए मुंह पर कपड़ा लपेटकर जाती हुई युवती।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। प्रदेश में मानसून का प्रवेश हो गया है, लेकिन फतेहाबाद व रतिया शहर अभी भी मानसून की बारिश से अछूता है। हालांकि मानसून के प्रवेश के पहले दिन भट्टूकलां व टोहाना क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई, लेकिन पिछले तीन दिनों से फतेहाबाद में बारिश न होने के कारण एक बार फिर चिपचिपाहट भरी गर्मी लोगों को सताने लगी है। भीषण गर्मी और चिपचिपाहट ने एक बार फिर लोगों को बेचैन कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 व 7 जुलाई को पूरे राज्य में बारिश की संभावना है।
30 जून को जब प्रदेश में मानसून ने प्रवेश किया था तो आस जगी थी कि मानसून फतेहाबाद को भी जमकर भिगोएगा। हालांकि मानसून के पहले ही दिन भट्टूकलां व टोहाना क्षेत्र में अच्छी खासी बारिश दर्ज की गई थी और मौसम सुहावना हो गया था। लेकिन पिछले दो दिनों से जिले में बारिश का एक भी छींटा नहीं गिरा है। ना ही बादल उमड़ रहे हैं और न ही घुमड़ रहे हैं, जिससे चिपचिपाहट बढ़ गई है और उमस से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। आसमान में बादल तो हैं, लेकिन बरस नहीं रहे हैं। फतेहाबाद में शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रर्ता का स्तर 52 फीसदी रहा है।
कोट
हरियाणा राज्य में 7 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान 3 जुलाई से 5 जुलाई के बीच उतरी व दक्षिण क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, परंतु पश्चिमी क्षेत्र में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है। परंतु 6 व 7 जुलाई को राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इस दौरान वातावरण में आद्रर्ता की मात्रा ज्यादा बने रहने की संभावना है।
-डॉ. मदन खीचड़ विभागाध्यक्ष, मौसम विभाग, कृषि विश्वविद्यालय हिसार