नागरिक अस्पताल में घायलों का उपचार करते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। गांव चिम्मो के पास संतुलन बिगड़ने से बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार तीनों युवक सिरसा जिले के गांव रोड़ी के निवासी हैं, जो रतिया के गांव अक्कावाली में अपने मामा के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे। शादी से वापस घर जाते समय यह हादसा हो गया। घायलों को पहले रतिया के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अग्रोहा स्थित मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सिरसा के गांव रोड़ी निवासी हैप्पी सिंह अपने भाई सोनी सिंह व चचेरे भाई जसप्रीत सिंह अपने मामा के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए अक्कावाली आए थे। तीनों बाइक पर सवार होकर आए थे। दिन में शादी समारोह निपटाने के बाद शाम को गांव के लिए चले थे। इसी बीच गांव चिम्मो के पास मोड़ होने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे पेड़ से टकरा गई। बाइक सवार तीनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर तीनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मगर वहां चिकित्सकों ने हैप्पी सिंह को मृत घोषित कर दिया। मृतक हैप्पी सिंह अविवाहित था। प्राथमिक उपचार के बाद सोनी सिंह व जसप्रीत सिंह को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने के बाद मृतक हैप्पी सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम होगा।
कोट
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई थी। एक युवक की मौत हो गई है, जिसका शव पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है। दो को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हरफूल सिंह, प्रभारी, सदर थाना रतिया