सिविल सर्जन कार्यालय में खड़ी नई एंबुलेंस।
- फोटो : Fatehabad
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले को मिली सात नई एंबुलेंस पर 21 ड्राइवर रखने को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है। इन एंबुलेंसों पर आउटसोर्सिंग एजेंसी द्वारा ही ड्राइवर रखे जाएंगे। एंबुलेंस ड्राइवर पद पर भर्ती करने के लिए एजेंसी तीन गुना आवेदन ही ले पाएगी। एजेंसी 63 आवेदनों की सूची सिविल सर्जन कार्यालय को देगी। ड्राइवर भर्ती के लिए बनाई गई कमेटी ही 63 आवेदकों के टेस्ट व तमाम प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 21 चालक चयनित करेगी। सिविल सर्जन कार्यालय बुधवार को एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर सकता है। वर्क ऑर्डर मिलने के बाद एजेंसी 63 आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू करेगी।
गाइडलाइन में साफ कहा गया है कि ठेकेदार जिन 63 लोगों की सूची सिविल सर्जन कार्यालय को देगा वह फतेहाबाद जिले के होने चाहिए। जिले से बाहर किसी व्यक्ति का आवेदन नहीं ले सकते। एक सप्ताह में ठेकेदार को सूची सिविल सर्जन कार्यालय को देनी होगी। चालक भर्ती करने के लिए कमेटी बनाई जाएगी। ये कमेटी ही 63 आवेदकों के ड्राइविंग टेस्ट लेगी। उनके लाइसेंस की जांच होगी। इसके अलावा शिक्षा और अनुभव प्रमाण संबंधित दस्तावेजों की कमेटी जांच करेगी। इसके बाद 63 आवेदनों में 21 चालकों को चयनित किया जाएगा।
बिना अनुमति आवेदन लेने पर हो चुका है विवाद
ठेकेदार के कर्मचारी द्वारा बिना अनुमति चालक पद के लिए आवेदन लेने पर सिविल सर्जन कार्यालय में 20 दिन पहले विवाद हो चुका है। ठेकेदार का कर्मचारी नागरिक अस्पताल में आवेदन ले रहा था। करीब 400 आवेदन लिए गए और इसके बाद लेने बंद कर दिए थे और आवेदन जमा करवाने आ रहे लोगों को सिविल सर्जन कार्यालय भेज दिया था। इसके बाद सिविल सर्जन कार्यालय में आवेदन जमा करवाने आए लोगों ने हंगामा किया था। आवेदन लेने को लेकर सीएमओ कार्यालय के क्लर्क का नाम भी सामने आया था और इस विवाद के चलते ट्रांसफर भी कर दी गई।
गर्भवती के लिए होंगी ये एंबुलेंस
स्वास्थ्य विभाग अटल जननी वाहिनी सेवा शुरू कर रहा है। इसके तहत गर्भवती महिलाओं को टेस्ट करवाने से लेकर डिलिवरी करवाकर घर छोड़ने के लिए एंबुलेंस की सेवा दी जाएगी। इसके अलावा शिशु को भी एंबुलेंस की सेवा मिलेगी। जिले में नई एंबुलेंस आने के बाद गाड़ियों की संख्या 25 हो गई है।
कोट
एंबुलेंस चालक भर्ती को लेकर मुख्यालय से गाइडलाइन आ गई है। 21 चालक रखे जाने हैं और एजेंसी हमें 63 आवेदनों की सूची देगा। ये सूची आरक्षण के मुताबिक दी जाएगी। इसको लेकर कमेटी बनेगी। कमेटी 21 चालकों को चयनित करेगी। ड्राइविंग टेस्ट होगा, लाइसेंस की जांच होगी। कमेटी अनुभव प्रमाण पत्र की जांच करेगी। कमेटी पूरी प्रक्रिया के साथ चालक भर्ती करेगी।
- वीरेश भूषण, सिविल सर्जन।