फतेहाबाद। शहर में बिजली मंत्री रणजीत सिंह के दौरे के दौरान भी शहरवासियों को बिजली कटों से निजात नहीं मिल पाई। जिला पंचायत संसाधन केंद्र में वीरवार दोपहर बाद जनपरिवाद समिति की बैठक खत्म करके जैसे ही बिजली मंत्री बाहर निकले, तभी शहर में कट लग गया। इससे पहले बैठक शुरू होने से 20 मिनट पहले भी शहर में बिजली गुल ही थी। हालात ऐसे हैं कि शहरी क्षेत्र में भी छह घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। बुधवार रात 10 बजे से लेकर वीरवार शाम पांच बजे तक छह बार एक-एक घंटे के कट लग चुके हैं।
अधिकारियों के पास एक ही जवाब, मुख्यालय से आ रहे आदेश
बिजली कटौती को लेकर बिजली निगम के स्थानीय अधिकारियों के पास एक ही जवाब है कि मुख्यालय से कटों के आदेश मिल रहे हैं। कोई भी कट स्थानीय स्तर पर नहीं लग रहा है। इन कटों को रोकना भी उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।
बुधवार रात से वीरवार शाम तक लगे बिजली कट का ब्योरा
- बुधवार रात : 10.40 से 11.40 बजे तक
- बुधवार रात: 2.05 से तड़के 3.05 बजे तक
- वीरवार सुबह 4.15 से सुबह 5.15 बजे तक
- वीरवार सुबह 10.10 से सुबह 11.10 बजे तक
- वीरवार दोपहर 1.38 से दोपहर 14.38 बजे तक
- वीरवार शाम 4.20 से शाम 5.20 बजे तक
रतिया बिजली घर में हुआ ब्लास्ट, छह घंटे गुल रही बिजली
बुधवार रात रतिया बिजली घर में ब्लास्ट हो जाने के कारण छह घंटे बिजली बाधित रही। शहर के नागरिक हरीश मित्तल, राजकुमार मित्तल, विपिन गोयल, निर्मल जैन, सुखदेव जैन, अनिल जैन, हरविंदर सिंह, पवन सिहाग, टोनी खन्ना, डॉ.नरेश जैन ने आरोप लगाते हुए कहा कि रतिया शहर में पिछले कुछ दिनों से बिजली व्यवस्था की हालत बदतर हो गई है। बिजली घर में ब्लास्ट हो जाने से कई उपकरण भी जल गए। छह घंटे बाद बिजली बहाल होने पर लोगों को राहत मिल पाई।
बिजली व्यवस्था की मॉनिटरिंग पंचकूला से हो रही है। बुधवार रात व वीरवार को कई कट लगे हैं। मगर, बिजली कटों के आदेश भी मुख्यालय से ही आते हैं।
निशित कुमार, एसडीओ, बिजली निगम