फतेहाबाद। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़नी शुरू हो गई है। रविवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 19 नए मरीज मिले हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 89 तक पहुंच गई है। 6 दिन में ही कोरोना के 90 संक्रमित मिल गए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 100 के पार होने वाला है। इन संक्रमितों में एक की मौत भी हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को जिले में 19 नए संक्रमित मिले हैं। जाखल में एसबीआई बैंककर्मी, फतेहाबाद की अनाजमंडी निवासी 3 लोग, 12 साल के लड़के में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिले में रविवार को कोई संक्रमित डिस्चार्ज नहीं हुआ है, इसलिए एक्टिव संक्रमितों की संख्या 89 तक पहुंच चुकी है। लेकिन राहत की बात यह है कि कोई भी संक्रमित अस्पताल में दाखिल नहीं है, सभी होम आइसोलेट हैं। रविवार को जिले में 407 आरटीपीसीआर सैंपल लिए गए हैं, इनकी लैब से अभी रिपोर्ट आनी है।
पहली लहर से लेकर अब तक जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति
जिले में लिए गए कोरोना सैंपल : 3 लाख 65 हजार 685
कोरोना संक्रमित मिल चुके : 17916
स्वस्थ हो चुके : 17357
कोरोना संक्रमितों की हो चुकी मौत : 486
जिले में संक्रमण दर : 4.9
रिकवरी रेट : 96.88
होम आइसोलेट के लिए 14 टीमें की गई तैयार
कोरोना संक्रमितों के उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जिले में होम आइसोलेट टीमें तैयार कर ली है। इसमें मेडिकल ऑफिसर और आरबीएसके के बीएमएस डॉक्टर शामिल किए गए हैं। इसके अलावा टीम में फार्मासिस्ट, एमपीएचडब्ल्यू, आशा वर्कर्स को शामिल किया गया है। फतेहाबाद क्षेत्र में 4, रतिया में 2, टोहाना में 2, भट्टू में 2, बड़ोपल और भूना में 1-1 व जाखल में 2 होम आइसोलेट टीमें तैयार की गई हैं। कोरोना संक्रमित को ये टीमें ट्रेस करेंगी और उस तक दवाइयां पहुंचाएंगी। इसके अलावा संपर्क में आए अन्य लोगों के बारे में भी ये टीमें जानकारी जुटाएंगी।
जिले में यूं बढ़ रहे हे कोरोना संक्रमण के नए केस
दन संक्रमित मिले
4 जनवरी 9
5 जनवरी 8
6 जनवरी 9
7 जनवरी 21
8 जनवरी 24
9 जनवरी 19
अब सात दिन ही होगा होम आइसोलेशन पीरियड
कोरोना संक्रमितों के होम आइसोलेशन को लेकर इस बार फेरबदल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की माने तो इस बार होम आइसोलेशन का पीरियड 10 की जगह 7 दिन होगा। 7 दिन तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें निगरानी रखेंगी। इसके अलावा अब कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए उन लोगों का कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा जिसमें लक्षण है। पहले स्वास्थ्य विभाग संपर्क में आए सभी लोगों के कोरोना टेस्ट करवाता था।
एयर, वैक्यूम और ऑक्सीजन मशीनों का सफल रहा ट्रायल
नागरिक अस्पताल की आईसीयू अब एक या दो दिनों में शुरू हो जाएगी। रविवार को इंजीनियरों ने अमेरिका से आई एयर और वैक्यूम मशीनों का ट्रायल लिया। इसके अलावा आईसीयू में जाने वाली ऑक्सीजन पाइप लाइन का भी ट्रायल लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक ट्रायल सफल रहा है। अब सोमवार को बिजली के उपकरणों को लेकर ट्रायल लिया जाना है। उम्मीद है मंगलवार तक आईसीयू शुरू हो जाएगी।
कोट
जिले में कोरोना संक्रमण के 19 नए मामले आए हैं, लोगों से अपील है कि वह सावधानी बरतें। अगर कोरोना संक्रमण को लेकर लक्षण हैं तो जांच जरूर करवाएं।
- मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन