हेल्पलाइन 112 गाड़ी का युवक ने तोड़ा शीशा।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करके एक युवक ने शुक्रवार की रात पुलिस को बुलाया पुलिस ने जब कारण पूछा तो युवक ने कहा कि मैं तो पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चेक कर रहा था कि पुलिस कितनी जल्दी मौके पर पहुंचती है। पुलिस ने युवक को फर्जी कॉल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक जींद के जुलाना का रहने वाला है और सेक्टर 14 के एक होटल में ठहरा हुआ था।
यह भी पढ़ें - पंजाब: रेल ट्रैक पर धरना देने वाले किसानों पर दर्ज केस होंगे वापस, सीएम चन्नी ने दिए आदेश
पुलिस के मुताबिक एएसआई धर्मवीर ने दी शिकायत में बताया कि वह पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 की गाड़ी पर तैनात है। शुक्रवार की रात करीब 1ः00 बजे पुलिस मुख्यालय से सूचना आई और सेक्टर 14 स्थित एक होटल में जाने के लिए कहा गया। जब पीसीआर होटल के पास पहुंची तो वहां एक युवक शराब पी रहा था पुलिस को देखकर उसने बोतल फेंक दी, जब युवक से पुलिस को कॉल करने का कारण पूछा तो युवक ने कहा कि वह तो यह देखना चाह रहा था कि पुलिस कितनी जल्दी मौके पर पहुंचती है।
पुलिस का आरोप है कि जब युवक से यह कहा था कि उसने फर्जी कॉल क्यों की तो कहासुनी करने लगा और गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। अर्बन स्टेट थाना पुलिस ने एसआई की शिकायत पर आरोपी युवक जींद के जुलाना निवासी रोहित मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। अर्बन स्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।