चरखी दादरी। शहर की हरिनगर कॉलोनी में श्रमिक ने घर पर शुक्रवार रात संदिग्ध हालत में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह जब पत्नी और बेटा सोकर उठे तो शव पंखे पर फंदे पर लटका मिला। शहर थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया और उसकी पत्नी के बयान पर भारतीय न्याय संहिता अधिनियम की धारा 194 के तहत इत्तफाकिया कार्रवाई की।
पुलिस को दिए बयान में वार्ड-21 की हरिनगर कॉलोनी निवासी कविता ने बताया कि उसका पति प्रदीप (46) मजदूरी करता था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे प्रदीप दूसरे कमरे में सोने चला गया। सुबह जब वह व बेटा उठे तो प्रदीप का शव कमरे में लटका मिला। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। मूलरूप से झज्जर जिले के गांव बिरोहड़ निवासी प्रदीप के एक बेटा व बेटी है, जिनमें बेटी शादीशुदा है, जबकि बेटा पढ़ा रहा है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल अनिल ने बताया कि आत्महत्या के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।