चरखी दादरी/झोझूकलां। गांव आदमपुर व बधवाना के बीच एक ट्रैक्टर चालक के रास्ते में पशु आने से संतुलन बिगड़ गया। इससे ट्रैक्टर पलट गया और नीचे दबने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुरुक्षेत्र के रामनगर निवासी गुरजयंत (40) के रूप में हुई है। मृतक के चाचा तेजेंद्र के बयान पर झोझूकलां थाना पुलिस ने इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है।
गुरजयंत अंबाला मोडा कस्बे में ट्रैक्टर मैकेनिक का काम करता था। महेंद्रगढ़ की एक एजेंसी में नया ट्रैक्टर पहुंचाने के लिए शुक्रवार को वह अंबाला से चला था। जब वो महेंद्रगढ़ रोड पर आमदपुर-बधवाना के बीच पहुंचा तो सामने अचानक पशु आ गया। पशु का बचाव करने के प्रयास में ट्रैक्टर संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक गुरजयंत की मौत हो चुकी थी। बाद में पुलिस ने ट्रैक्टर व शव दोनों कब्जे में ले लिए। शव का पोस्टमार्टम दादरी सिविल अस्पताल में करवाया गया।
मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। - पवन कुमार, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी, झोझूकलां थाना