अधिक मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 12 मई को चरखी दादरी शहर में वॉकथॉन आयोजित की जाएग
चरखी दादरी। मतदाताओं को 25 मई को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 12 मई को चरखी दादरी शहर में वॉकथॉन आयोजित की जाएगी। अमर उजाला और जिला प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में स्वीप टीम का सहयोग रहेगा। वॉकथॉन का शुभारंभ उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनदीप कौर रोजगार्डन के सामने से करेंगी।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि स्वीप टीमें मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। अमर उजाला फाउंडेशन का ये सराहनीय प्रयास है। उन्होंने लोगों से वॉकथॉन में भाग लेने की अपील की है। वॉकथॉन की अध्यक्षता स्वीप के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह करेंगे।
आयोजन में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नगर परिषद समेत विभिन्न विभागों का सहयोग रहेगा। वॉकथॉन का शुभारंभ करने के लिए 12 मई को सुबह 6:30 बजे उपायुक्त मनदीप कौर रोजगार्डन में पहुंचेंगी। प्रात: 6:40 पर वे उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाएंगी। प्रात: 6:55 पर वे वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगी। वॉकथॉन रोजगार्डन से शुरू होकर परशुराम चौक पहुंचेगी, इसके बाद वापस रोजगार्डन के सामने पहुंचने पर समापन होगा। इस आयोजन में आम लोग भी शामिल हो सकते हैं। इसके लिए कई संगठनों से भी संपर्क कर सहयोग की अपील की गई है।