पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान को पेयजल संकट से अवगत करवाते ग्रामीण।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान ने सोमवार को गांव रावलधी और कमोद का दौरा किया। इस दौरान दोनों गांवों के लोगों ने उनके समक्ष पेयजल कमी की समस्या रखी। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से वो इस परेशानी को झेल रहे हैं। जन स्वास्थ्य विभाग को अवगत करवाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी है। इस पर पूर्व मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात की और ग्रामीणों को जल्द समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
गांव रावलधी के ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री को बताया कि गर्मी के मौसम में वो पेयजल संकट से त्रस्त हैं। ग्रामीणों का पूरा दिन अपने स्तर पर पानी का प्रबंध करने में बीत जाता है। पेयजल समस्या से विभाग को कई बार अवगत करवा चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है। विभाग ने अब तक समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है जिसका खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे हैं।
पूर्व मंत्री ने ग्रामीणों की समस्या को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से फोन पर बात करके जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नहरों में पानी आने के बाद ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा। इस अवसर पर संजीव नंबरदार, नवीन जाखड़, कृष्ण, सतीश, मित्रपाल, पप्पू, नरदीप, रणधीर, करतार आदि मौजूद रहे।