चरखी दादरी। एकमुश्त कर लागू करने से सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन में रोष बना हुआ है। इसके चलते सोमवार को सब्जी मंडी के आढ़तियों ने हरियाणा सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के कार्यकारी प्रधान नितिन जांघू की अगुवाई में और नई सब्जी मंडी प्रधान नंदलाल ठुकराल की अध्यक्षता में रोष प्रदर्शन किया।
आक्रोशित आढ़तियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कर की प्रतियां जलाकर रोष जताया। इसके बाद मार्केट कमेटी सचिव परमजीत नांदल को सीए मार्केटिंग बोर्ड पंचकूला के नाम मांगपत्र सौंपा गया। रोष प्रकट कर रहे आढ़तियों ने कहा कि उन पर जबरदस्ती एक मुश्त कर थाेपा जा रहा है। जिसे वे वहन करने में सक्षम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि वे कमीशन एजेंट हैं और जो कार्य होता है उसके अनुसार वे फीस वहन करते हैं लेकिन उन पर बिना काम किए ही एडवांस में साल का कर थोपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे पहले की तरह मार्किट फीस देने को तैयार हैं, लेकिन उन पर जो जबरदस्ती कर थोपा जा रहा है वे उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
कार्यकारी प्रधान नितिन जांघू ने कहा कि सरकार द्वारा अंग्रेजों की तरह उन पर कर थोपा जा रहा है। इसको लेकर वे जल्द ही प्रदेश की दूसरी मंडियों में आढ़तियों से मिलकर उनको एकजुट करेंगे ताकि बड़ा आंदोलन शुरू किया जा सके। प्रदर्शन में देवेंद्र कुमार, राजकुमार, दीपक शर्मा, जयवीर सिंह, राजकुमार सैनी, सुनील कुमार, रामअवतार स्वामी, सुनील फौगाट, सत्यव्रत शर्मा, मुकेश शर्मा, अजय पूनिया, दीपक जून, विजय सैनी, मोहनलाल आदि शामिल हुए।
- मंडी बंद करने की दी चेतावनी
नितिन जांघू ने कहा कि जिस प्रकार से उन पर कर थोपा जा रहा है इससे उनका काम धंधा चौपट होने की कगार पर आ गया है। यदि जल्द ही इस कर को वापस नहीं लिया तो वे काम नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कर के कारण आढ़तियों के समक्ष रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। यदि सरकार ने जल्द ही उनकी सुध नहीं ली तो वे अनिश्चितकाल के लिए मंडी को बंद कर देंगे।