बाढड़ा। कादमा के समीप एक झुग्गी से ढाई किलो चांदी और नौ तोले सोने के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। झुग्गी में रह रहे परिवार के मुखिया ने पड़ोस की झुग्गी में रहने वाले दो लोगों पर शक जाहिर करते हुए पुलिस को शिकायत दी है। बाढड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोप की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के भाटो की ढाणी निवासी बिशनाराम ने बताया कि वो अपने परिवार के साथ कादमा के समीप झुग्गी में रहता है। उसने सोने-चांदी के गहने झुग्गी के अंदर कपड़ों में छिपाकर रखे थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि गत तीन जनवरी की शाम जब उसने जांच की तो गहने चोरी मिले। उसने बताया कि झुग्गी से करीब ढाई किला चांदी और नौ तोले सोने के गहने चोरी हुए हैं। बिशनाराम ने चोरी का शक पड़ोसी की झुग्गी में रहने वाले दो लोगों पर जताया है। उसका कहना है कि उक्त दोनों लोग ही उसकी झुग्गी में आते थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 380 व 454 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।