हरियाणा के चरखी दादरी में रावलधी-भिवानी लिंकमार्ग आरओबी के समीप खेत में मिले अधजले शव की शनाख्त बुधवार दोपहर बाद हो गई। यह शव शहीद भगत सिंह चौक के समीप रहने वाले 16 वर्षीय किशोर का था। परिजनों ने शव की शनाख्त करने के बाद सदर थाना पुलिस ने पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाकर। शव को जलाने के लिए पेट्रोल का इस्तेमाल किया गया है। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द- बुर्द करने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि मंगलवार देर शाम सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग आरओबी के समीप एक खेत में अधजला शव पड़ा है। इस आधार पर पुलिस टीम पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया। देर रात तक शनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल में रखवा दिया था।
बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेजा गया। दोपहर बाद मृतक की शनाख्त पुष्प उर्फ ऋषि (16) के रूप में हुई। मृतक के परिजनों ने बताया कि पुष्प उर्फ ऋषि गत 21 मार्च से लापता था। शव का शनाख्त होने के बाद पुलिस ने चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया।
जांच अधिकारी एसआई बलबीर सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों ने किसी पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है। मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है और इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द-बुर्द करने संबंधी केस दर्ज किया गया है।
ऐसे हुई शव की शनाख्त
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह पुष्प उर्फ ऋषि के परिजन उसकी गुमशुदगी की शिकायत लेकर सिटी थाने पहुंचे थे। अधजला शव मिलने का मामला संज्ञान में होने के चलते सिटी थाना प्रभारी बीर सिंह ने इस संबंध में सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामसिंह से बातचीत की। इसके बाद जांच अधिकारी के साथ परिजनों को शव की शिनाख्त करने के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया और वहां उसकी शनाख्त हो गई।
पेट्रोल छिड़कर लगाई शव को आग
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामसिंह ने बताया कि अंदेशा है कि शव 21 को ही यहां डाला गया हो। कयास लगाए जा रहे है कि पहले किशोर की हत्या की गई और इसके बाद शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए जलाया गया। शव को जलाने के लिए पेट्रोल का इस्तेमाल किया गया है।
एक शख्स को किया राउंडअप
मृतक के वार्ड के मौजिज लोगों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद सदर थाना पुलिस ने एक शख्स को राउंडअप किया है। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया शख्स मृतक के घर के पास ही रहता है।
पीजीआई से शव लेकर सीधे रामबाग लेकर पहुंचे परिजन
पीजीआई में चिकित्सकों के बोर्ड से मृतक पुष्प उर्फ ऋषि का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, मृतक के परिजन पीजीआई से शव लेकर सीधे रामबाग पहुंचे और वहां देर शाम अंतिम संस्कार किया गया।
इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 302 व 201 के तहत केस दर्ज कर लिया है। शिनाख्त होने के बाद मृतक का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड से करवाया गया। मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है और जल्द ही इसे सुलझा दिया जाएगा। -रामसिंह, इंस्पेक्टर एवं सदर थाना प्रभारी