15वें दिन भी जिले में बेहद खराब रही हवा, एक्यूआई 359
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में बुधवार को 15वें दिन भी हवा की स्थिति बेहद खराब रही। शाम के मुकाबले सुबह के समय प्रदूषण का स्तर अधिक रहा। हालांकि सुबह 11 बजे धूप खिलने से स्मॉग की चादर छंट गई और इससे लोगों को राहत मिली। वहीं, दूसरी ओर प्रदूषण का स्तर लगातार 300 एक्यूआई से ऊपर रहना चिंता की बात है और प्रशासन को इस तरफ ध्यान देना चाहिए।
दादरी जिले की अगर बात करें तो दिवाली के बाद से ही प्रदूषण का स्तर तीन सौ एक्यूआई से ऊपर चल रहा है। पर्यावरणविदों के अनुसार प्रदूषण का यह स्तर स्वास्थ्य के लिए घातक है। बुधवार की अगर बात करें तो सुबह साढ़े नौ बजे प्रदूषण का अधिकतम स्तर 359 एक्यूआई रहा। इसके बाद प्रदूषण का स्तर कम होता चला गया और शाम साढ़े छह बजे प्रदूषण का अधिकतम स्तर 345 एक्यूआई दर्ज किया गया।
अहम बात यह है कि औद्योगिक इकाइयों का संचालन ठप होने के बाद भी जिले में प्रदूषण का स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा। वहीं, प्रशासन के निर्देशों पर शहर में लगातार तीसरे दिन भी सड़कों से मिट्टी के उठान के साथ पानी का छिड़काव भी करवाया गया। दमकल विभाग की दो टीमों ने सुबह व शाम के समय पानी का छिड़काव किया।