चरखी दादरी। ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए डीसी प्रदीप गोदारा ने मंगलवार को जिला सतर्कता कमेटी की बैठक ली। इसमें उपस्थित अधिकारियों को उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जिलावासियों के लिए जारी गाइडलाइन की जानकारी दी। डीसी ने कहा कि दुकान या शोरूम में एक समय में अगर तीन से अधिक ग्राहक मिलते हैं और वहां कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रबंध नहीं मिलते तो तुरंत दुकान को सील किया जाए। वहीं, एसपी दीपक गहलावत ने सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार को खांसी-जुकाम की दवा लेने मेडिकल स्टोर पर आने वाले लोगों का डाटा तैयार करने का सुझाव दिया।
बैठक में डीसी ने कहा कि देश में दिन-प्रतिदिन कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिसके चलते प्रदेश सरकार ने प्रदेश में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अलर्ट जारी किया है। डीसी ने सभी विभागों के मुखियाओं को आदेश दिए कि वो सीएमओ ऑफिस से चालान बुक जारी करवाकर गाइडलाइन तोड़ने वाले लोगों पर बुधवार से सख्ती बरतना शुरू कर दें। उन्होंने दोहराते हुए कहा कि बुधवार से सरकारी कार्यालयों में कोई भी व्यक्ति बिना मास्क व वैक्सीन का सर्टिफिकेट दिखाए बिना प्रवेश नहीं करेगा। इसी प्रकार बसों में भी बैठने वाले यात्रियों का वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट चैक किया जाएगा। परिचालक टिकट बनाने से पहले यात्रियों का सर्टिफिकेट जरूर चैक करेंगे।
-----
शादी में 100 से अधिक लोग मिले तो दर्ज होगा केस -
उपायुक्त ने कहा कि गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के प्रतिष्ठानों को सील करने के साथ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत धारा 188, 269 व 270 के तहत मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी शादी-समारोह में 100 से अधिक लोग मिलते हैं तो इस संबंध में आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 188 के तहत केस दर्ज करवाया जाएगा।
----
वैक्सीन न लगवाने पर दुकान खोलने की नहीं होगी छूट -
डीसी ने कहा कि सभी दुकानदार सीमित संख्या में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए ग्राहकों को काउंटर तक आने दें। दुकानदार खुद भी और अपने स्टाफ को कोरोना की वैक्सीन लगवाए। बिना वैक्सीन लगवाए कोई भी व्यक्ति बाजार में काम न करे। अगर किसी भी दुकानदार ने वैक्सीन नहीं लगवाई है तो उसे दुकान खोलने की अनुमति नहीं होगी।
----
10 जनवरी से फ्रंट लाइन वर्कर्स को लगेगी प्रीकोशनरी डोज -
बैठक में डीसी प्रदीप गोदारा ने बताया कि आगामी 10 जनवरी से स्वास्थ्य विभाग एवं फ्रंट लाइन कर्मचारियों को प्रीकोशनरी डोज लगनी शुरू होगी। जिन कर्मचारियों को दूसरी डोज लगे 9 माह हो चुके हैं, उन्हें प्रीकोशनरी डोज लगाई जाएगी।
-----
सब्जी मंडी में आने वाले लोगों के प्रतिदिन होंगे सैंपल -
डीसी ने कहा कि सब्जी मंडी में दुकानदारों व गांवों से आने वाले प्रत्येक दुकानदार का प्रतिदिन सैंपल लिया जाएगा और मंडी को हर रोज सैनिटाइज भी किया जाए। इसके अलावा मंडी व बस स्टैंड पर वैक्सीनेशन के लिए एक टीम की डयूटी लगाई जाएगी।
------
ये अधिकारी रहे मौजूद -
बैठक में बाढड़ा के एसडीएम संजय सिंह, नगराधीश अमित मान, रोड़वेज महाप्रबंधक देवदत्त, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कंवर दमन सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. बलवंत सहारन, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. जसवंत जून, नगरपरिषद सचिव प्रशांत पाराशर, डीआईओ अमित लांबा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सोमबीर दहिया, सुशासन सहयोगी दिनेश कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी गीता सहारन आदि अधिकारी मौजूद रहे।
------