फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 6 चरणों में पूरी होगी 34 करोड़ की सीवर परियोजना

Sat, 23 Dec 2023 10:33 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी।
विज्ञापन

शहर की बेपटरी सीवर व्यवस्था में सुधार के लिए जनस्वास्थ्य ने सीवर परियोजना की निविदा आवंटित कर दी है। छह चरणों में करीब 34 करोड़ की परियोजना पर काम होगा और जल्द ही एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि परियोजना पर काम शुरू करवाने के लिए पुणे से पाइप आएंगे और इसके लिए ऑर्डर दिया जा चुका है। सीवर व्यवस्था में सुधार होने पर करीब 90 हजार लोगों को राहत मिलेगी।
बता दें कि शहर की सीवर व्यवस्था पिछले पांच सालों से बेपटरी है। शहर के ज्यादातर क्षेत्रों के लोग दूषित पानी की निकासी सही न होने से परेशान हैं। लंबे समय से शहरवासी सीवर व्यवस्था में सुधार होने का इंतजार कर रहे हैं। शहर की करीब 90 हजार की आबादी को सीवर परियोजना पर काम शुरू होने का इंतजार है ताकि व्यवस्था में सुधार हो सके। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग ने शहरवासियों को सीवर समस्या से राहत दिलाने के लिए छह चरणों में 34 करोड़ की परियोजना तैयार की है और जल्द ही सभी चरणों का काम शुरू होने की संभावना है।
विज्ञापन

इस समय विभाग स्ट्रॉम वाटर परियोजना पर भी काम करवा रहा है। हालांकि पाइप की कमी के चलते फिलहाल काम रुका हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही स्ट्रॉम वाटर के साथ सीवर व पेयजल परियोजना पर भी काम शुरू होगा।
जानिये...किस चरण में कितनी आएगी लागत और क्या होंगे काम
चरण:1- तीन करोड़ 40 लाख 83 हजार रुपये पहले चरण के कार्य पर लागत आएगी। इसके तहत तिकोना पार्क पंपिंग स्टेशन को अपग्रेड करने के साथ रविदास मोहल्ला को इससे जोड़ा जाएगा।
चरण:2- सीवर परियोजना के दूसरे चरण के काम पर करीब साढ़े 9 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके तहत मुख्य सीवर लाइनें बदली जाएंगी जबकि एसटीपी को भी अपग्रेड किया जाएगा।
चरण:3- परियोजना के तीसरे चरण पर जनस्वास्थ्य विभाग 4 करोड़ 20 लाख 76 हजार का बजट खर्च करेगा। इसके तहत एसटीपी तक पानी पहुंचाने वाली लाइनें डाली जाएंगी।
चरण:4- परियोजना के चौथे चरण पर चार करोड़ 98 लाख 96 हजार रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। इसके तहत तहत दक्ष चौक से तिकोना पार्क तक सीवर लाइन डाली जाएगी।

चरण:5- सीवर परियोजना के पांचवें चरण पर 8 करोड़ 45 लाख 64 हजार का बजट खर्च किया जाएगा। इसके तहत पुरानी जर्जर लाइनें बदलने के साथ नई लाइनें बिछाई जाएंगी।
चरण:6- छठे चरण में जनस्वास्थ्य विभाग 3 करोड़ 46 लाख 93 हजार रुपये खर्च कर करीब 700 मीटर की दूरी में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके जरिये पानी एसटीपी तक पहुंचेगा।
- पुणे से आएंगे पाइप, विभाग ने दिया ऑर्डर
सीवर परियोजना के लिए जनस्वास्थ्य विभाग पुणे से पाइप मंगवाएगा। पाइप के लिए कंपनी को ऑर्डर दिया जा चुका है। विभाग को अब पाइप का स्टॉक आने का इंतजार है और इसके तुरंत बाद सीवर परियोजना पर काम शुरू करवा दिया जाएगा।

- अगले मानसून में नहीं झेलनी पड़ेंगी दिक्कतें
बता दें कि गत मानसून सीजन में सीवर व्यवस्था ब्लॉक रहने से कई दिनों तक शहर में जलभराव रहा और इसके चलते व्यापारियों को नुकसान व आमजन को दिक्कतें झेलनी पड़ी। विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि इस मानसून सीजन से पहले सीवर परियोजना पर काम पूरा कराने का प्रयास रहेगा ताकि लोगों को बारिश के दौरान जलभराव का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन



छह चरणों में सीवर परियोजना का काम होना है। ज्यादातर चरण की टेंडर अलॉटमेंट प्रक्रिया सिरे चढ़ चुकी है और जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। परियोजना के तहत सीवर व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा।
-बृजेश जावला, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें