पुलिस गिरफ्त में एयरफोर्स परीक्षा का पेपर साल्व कराने का आरोपी भूपेंद्र।
- फोटो : अमर उजाला
साइट हैक कर एयरफोर्स का ऑनलाइन पेपर साल्व कराने वाले गिरोह से जुड़े दूसरे युवक को बाढड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी भूपेंद्र डालनवास गांव का रहने वाला है और उसे कारी गांव से वीरवार शाम गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए तीन के रिमांड पर लिया है। मामले के एक आरोपी सन्नी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले के मुख्य आरोपी रोहतक निवासी जितेंद्र सिवाच और जींद निवासी सोनू अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस प्रवक्ता संदीप पिलानिया ने बताया कि आरोपी भूपेंद्र भी पेपर साल्व मामले का आरोपी है। गत एक अक्तूबर को गिरफ्तार आरोपी सन्नी ने पुलिस के सामने उसके नाम का खुलासा किया था। इसके बाद से ही पुलिस को उसकी तलाश थी। वीरवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि भूपेंद्र कारी गांव में मौजूद है। इसके बाद बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरोह के मास्टरमाइंड जितेंद्र सिवाच और सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस की तीन टीमें जुटी हुई हैं। जितेंद्र व सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आधा दर्जन से अधिक जगहों पर दबिश दे चुकी है।
क्या है पूरा मामला
गत 22 सितंबर को एयरफोर्स एयरमैन की परीक्षा आयोजित हुई थी। दादरी सीआईए को गुप्त सूचना मिली थी कि सात-आठ लोग बाढड़ा उपमंडल की तोता की ढाणी स्थित एक मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में बैठकर ऑनलाइन पेपर साल्व करवा रहे हैं। सीआईए टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी तीन गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने मौके से चार लैपटॉप, एक मोबाइल, दो रजिस्टर और वाईफाई एंटीना बरामद किया था। पुलिस ने इस संबंध में डोहकी निवासी सन्नी सहित अन्य के खिलाफ बाढड़ा थाने में केस दर्ज किया था। गत एक अक्तूबर को पुलिस ने सन्नी को बाढड़ा से गिरफ्तार कर लिया था और उसे कोर्ट से चार दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान सन्नी ने गिरोह में शामिल कई लोगों के नाम पुलिस के सामने उजागर किए थे, जिनमें डालनवास निवासी भूपेंद्र भी शामिल था।