सोशल मीडिया पर वायरल तेंदुआ से संबंधी मैसेज का स्क्रीनशॉट।
चरखी दादरी। सोशल मीडिया पर रविवार को किसी ने चिड़िया व मकड़ाना गांव के समीप खेतों में तेंदुआ देखे जाने की अफवाह फैला दी। इसके चलते क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि धरातल पर ऐसा कुछ नहीं मिला और मकड़ाना सरपंच ने इसे अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि किसी ग्रामीण से उन्हें इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं मिली है।
दरअसल, रविवार दोपहर व्हाट्सएप ग्रुपों पर तेंदुआ दिखने संबंधी दो मैसेज वायरल किए गए। पहले मैसेज में चिड़िया और मकड़ाना क्षेत्र के खेतों में रविवार सुबह तेंदुआ दिखने की बात कही गई तो दूसरे मैसेज में इससे जुड़ी ही एक ऑडियो क्लिप डाली गई। ऑडियो क्लिप 48 सैकेंड की है। इसमें एक शख्स कह रहा है कि मकड़ाना के बाहरी क्षेत्र में सुबह तेंदुआ देखा गया है, इसलिए खेतों में जाने वाले लोग सावधान रहे। उक्त शख्स कह रहा है कि तेंदुओ चिड़िया गांव की तरफ बढ़ता देखा गया है। ये दोनों मैसेज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए।
हालांकि ये नहीं पता चल पाया कि मैसेज किसने वायरल किए और कहां से तेंदुओ नजर आने की झूठी सूचना फैलाई गई। दूसरी ओर संवाददाता ने जब मकड़ाना सरपंच प्रतिनिधि से इस संबंध में बातचीत की तो उन्होंने इस सूचना को अफवाह बताया। सरपंच सुमन के पति कृष्ण कुमार ने कहा कि मकड़ाना के किसी ग्रामीण ने तेंदुआ नहीं देखा है। विदित रहे आजकल प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से तेंदुआ देखे जाने की सूचनाएं प्रतिदिन सामने आ रही हैं।