जनस्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को बिचला बासा क्षेत्र में बनी सीवर लाइन लीकेज की समस्या का जायजा लेने के लिए पहुंची। टीम में शामिल अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान कर लोगों को राहत दिलाई जाएगी। अमर उजाला ने आठ दिसंबर के संस्करण में ही स्थानीय लोगों की समस्या को प्रमुखता से उठाया था और खबर प्रकाशित होते ही विभाग हरकत में आ गया।
बिचला बासा स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने सीवर लाइन लीकेज करने से मुख्य सड़क पर पिछले दो दिनों से पानी भरा था। अमर उजाला ने आठ दिसंबर के संस्करण में पहली बार चालू करते ही सीवर लाइन मिली लीक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर के जरिये विभाग का ध्यान शहर की मुख्य सड़क पर बनी सीवर समस्या की ओर दिलाया गया।
खबर प्रकाशित होते ही शुक्रवार को जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ जगदीश चंद्र और जेई बृजेश जावला मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लीक पाइप को देखा और सीवर लाइन डालने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि को भी मौके पर बुलाया, ताकि पाइप को जल्द ठीक करवाकर क्षेत्रवासियों को राहत दी जा सके।
- गोगा जोहड़ का भी लिया जायजा
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गाेगा जोहड़ में भरे दूषित पानी का भी जायजा लिया।समस्या के समाधान के लिए एजेंसी के प्रतिनिधि ने विभाग के अधिकारियों से 10 दिन का समय मांगा। एजेंसी के प्रतिनिधि ने बताया कि पाइप लाइन को खाली करने के बाद ही लीकेज ठीक की जा सकेगी और इसमें थोड़ा समय लग सकता है।
हमने बिचला बासा में लीकेज पाइप लाइन को देख लिया है। एजेंसी के प्रतिनिधि को भी मौके पर बुलवाया था। फिलहाल गोगा जोहड़ में पानी ज्यादा है और पानी कम होने के बाद लीकेज ज्वाइंट को ठीक करवा दिया जाएगा। -
जगदीश चंद्र, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग।