लघु सचिवालय चरखी दादरी में धरनास्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए जिला पार्षद मोहित साहू।
चरखी दादरी। फर्जी मुठभेड़ और 10 लाख की रिश्वत मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायतकर्ता पक्ष का धरना बुधवार को दसवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को भी विभिन्न गांवों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। प्रदर्शनकारी खेमे ने पुलिस विभाग पर आरोपी पुलिस कर्मचारियों को बचाने के तमाम प्रयास करने का आरोप लगाया।
बुधवार को धरना का समर्थन करने पहुंचे कांग्रेस नेता योगेश इमलोटा व 13 कन्नी प्रधान सूरजभान ने कहा कि दस दिन बीतने के बाद भी कोई भाजपा नेता अब तक शिकायतकर्ता पक्ष की बात तक सुनने नहीं पहुंचा है। स्थानीय भाजपा नेता भी अपने अहंकार के मद में चूर हैं और उन्हें आमजन से कोई सरोकार नहीं है।
जिला पार्षद मोहित साहू ने कहा कि यह घटना एक पीड़ित परिवार की नहीं है, बल्कि समस्त समाज के साथ अन्याय है। मोहित साहू ने कहा कि गांव रानीला के सरपंच संजीत परमार व पूर्व सरपंच ऋषि साहू सहित अन्य पंवार खाप से प्रमुख नागरिक आप लोगों के बीच एलान करते हैं कि न्याय न मिलने तक आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। वहीं, दूसरी ओर एचडी स्कूल के संचालक बलराज फौगाट व ढाणी फौगाट सरपंच प्रतिनिधि जोगेंद्र ने भी धरने का समर्थन किया।
अधिवक्ता संजीव तक्षक ने कहा कि 32 पंवार खाप के प्रतिनिधि इस धरने को संभालने का काम करेंगे, तो सतगामा खाप धरने पर जी-जान की बाजी लगाने को तैयार रहेगी। समस्त समाज के लोगों को एकसूत्र में पिरोने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस के बजाय क्राइम ब्रांच को केस की जांच स्थानांतरण करना अपने आप में कई सवाल खड़े कर रहा है। धरनास्थल पर विधायक सोमबीर सांगवान, पूर्व सरपंच राजेश, जाखड़ खाप-36 प्रधान कश्मीर, कपूर, रामभगत जाखड़, अमित, पुनित, पवन सरपंच, सुरेंद्र, कृष्णचंद्र, सतबीर, जयभगवान, सुशील, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।