चरखी दादरी। एक किलोमीटर या इससे अधिक दूर से राजकीय स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को अब शिक्षा विभाग निशुल्क परिवहन सुविधा देगा। जिले के बौंदकलां खंड में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसकी शुरुआत की है। इसके तहत खंड के 16 स्कूलों के 343 विद्यार्थियों को यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा।
हर खंड में कई राजकीय स्कूल ऐसे हैं जिनमें पढ़ने वाले विद्यार्थियों को लंबी दूरी तय कर स्कूल पहुंचना पड़ता है। इसके चलते खासकर छात्राओं को काफी दिक्कतें आती हैं। छात्र-छात्राओं की समस्याओं को देखते हुए सरकार के निर्देशों पर शिक्षा विभाग ने बौंदकलां खंड में निशुल्क यातायात सुविधा मुहैया करवा दी है। इसकी पुष्टि जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फौगाट ने की है।
उन्होंने बताया कि अगर एक किलोमीटर दूर से आने वाले विद्यार्थियों की संख्या 20 या इससे अधिक है तो उन्हें बस सेवा मुहैया करवाई जाएगी। अगर विद्यार्थियों की संख्या 20 से कम है तो वहां ई-रिक्शा, टाटा मैजिक, जीप या अन्य छोटे वाहन की सुविधा दी जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर बौंदकलां खंड से इसकी शुरुआत की गई है। इसके बाद चरखी दादरी व बाढड़ा खंड में ये सुविधा शुरू करने की तैयारी है।
नोडल अधिकारी किया जाएगा नियुक्त
जिन स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए यातायात सुविधा की दरकार होगी, वहां नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। नोडल अधिकारी स्कूल प्रबंधन समिति से तालमेल कर ये व्यवस्था करवानी सुनिश्चित करेगा। इसके लिए कागजी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और विभाग ने मुख्यालय से यातायात सुविधा के लिए बजट भी मांगा है।
पूरे जिले में योजना लागू होने पर 2 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
बौंदकलां खंड के 16 स्कूलों में मंगलवार से यातायात सुविधा शुरू कर दी गई है। 343 विद्यार्थियों को इस सेवा का लाभ मिलना शुरू हो गया है। यातायात सेवा का लाभ उठाने वाले विद्यार्थियों में छठी से आठवीं कक्षा के 46 और नौवीं से बाहरवीं कक्षा के 297 विद्यार्थी शामिल हैं। इस लिहाज से जिले के विभिन्न खंड के राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले दो हजार से ज्यादा विद्यार्थियाें को विभाग की इस नई पहल का लाभ मिल सकता है।
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर बौंदकलां खंड से यातायात सुविधा की शुरुआत की गई है। खंड के 16 स्कूल ऐसे मिले, जहां यातायात सुविधा की दरकार थी। मंगलवार से इन स्कूलों के 343 विद्यार्थियों के लिए यातायात सुविधा शुरू कर दी गई है। जल्द ही जिले के अन्य खंड में ऐसे स्कूलों का चयन किया जाएगा। - कृष्णा फौगाट, जिला शिक्षा अधिकारी, चरखी दादरी।