चरखी दादरी। मिशन बुनियाद और सुपर- 100 जैसे कार्यक्रमों से साधारण परिवार के विद्यार्थियों को सफलता के पंख लगेंगे। इससे वे टेक्निकल व मेडिकल के क्षेत्र में ऊंचाइयों को छू सकेंगे। विकल्प फाउंडेशन के सहयोग से चलाई जाने वाली यह बेहतरीन योजना है, जिससे विद्यार्थियों को कामयाबी का रास्ता दिखाया जा रहा है। यह बात एसडीएम नवीन कुमार ने खंड स्तरीय मिशन बुनियाद व सुपर- 100 जागरूकता कार्यक्रम में कही।
शिक्षा विभाग और विकल्प फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शहर स्थित शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में दादरी के एसडीएम नवीन कुमार, विशिष्ट अतिथि विकल्प फाउंडेशन के संस्थापक नवीन मिश्रा व जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फौगाट ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक ने की। इस दौरान सुपर- 100 और मिशन बुनियाद के सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
विकल्प फाउंडेशन के संस्थापक नवीन मिश्रा ने कहा कि सरकार के मिशन बुनियाद व सुपर 100 कार्यक्रम से विद्यार्थियों की नींव मजबूत होगी। इससे विद्यार्थी अपना भविष्य उज्ज्वल बना पाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा विकल्प फाउंडेशन के सहयोग से शुरू किए गए कार्यक्रम के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। फतेहाबाद जिले की काजल इसका उदाहरण है, जिसने सुपर 100 के बाद आईआईटी मुंबई से बीटेक पास कर हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी में 31 लाख का पैकेज मिला है। कार्यक्रम में डॉ. सतीश साहू, प्राचार्य रामपाल यादव, नरपाल, सतीश डाला, विजय कुमार, शर्मिला जसवंत सिंह,पूजा सांगवान आदि उपस्थित रहे।
गुणवत्तापरक शिक्षा प्राप्त करने का मिलता है अवसर : कृष्णा फौगाट
जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फौगाट ने बताया कि इस योजना के तहत बिना किसी खर्च के उच्च गुणवत्तापरक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विकल्प फाउंडेशन एकेडमिक को-ऑर्डिनेटर सुप्रिया व क्षेत्रीय समुदाय प्रभारी अरविंद व विद्यार्थी को-ऑर्डिनेटर सिवानी भी कार्यक्रम में उपस्थित हुए। प्रधानाचार्य सुरेश यादव ने बताया कि पिछले दो वर्ष से विद्यालय में बुनियाद केंद्र चल रहा है, जिसके माध्यम से होनहार विद्यार्थी ऑनलाइन मुफ्त शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
31 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन
जिला विज्ञान विशेषज्ञ वीनू शर्मा ने कहा कि आठवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी मिशन बुनियाद के लिए 25 जनवरी तक व 10 वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी सुपर 100 के लिए 31 जनवरी तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।