पुलिस गिरफ्त में साइबर ठगी का आरोपी।
चरखी दादरी। जिले के गांव सौंप निवासी युवक से हुई ठगी की वारदात को साइबर थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को ही पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज किया था जबकि 17 नवंबर को ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हिसार जिले के गैबीपुर निवासी गुलशन के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि सौंप निवासी मनजीत ने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में मनजीत ने बताया कि उसकी गांव में मनी ट्रांसफर की दुकान है। वो ऑनलाइन रुपये भेजने पर कमीशन लेता है। एक नवंबर की शाम करीब 5 बजे उसके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि तुम्हारे फोन-पे नंबर रुपये डाल रहा हूं, इन्हें कमीशन काटकर दूसरे खाते में डाल देना।
इसके बाद आरोपी ने मनजीत के पास 5000 और 6500 रुपये भेजने के टैक्सट मैसेज भेज दिए। मनजीत ने बताया कि इसके बाद उसने उक्त शख्स द्वारा बताए गए खाते में अपने खाते से 4950 और 6430 रुपये डाल दिए। इसके बाद जब उसने खाता चेक किया तो उक्त शख्स द्वारा कही गई रुपये डालने की बात झूठी पाई गई। इसके बाद मनजीत ने दादरी साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी गुलशन को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। उसे पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। अब तक आरोपी से एक मोबाइल बरामद हो चुका है।